{"_id":"679dc592ed2b16bf7a093550","slug":"a-man-who-jumped-into-a-pond-to-win-a-bet-in-jhansi-died-2025-02-01","type":"story","status":"publish","title_hn":"शर्त में जिंदगी हार गया शख्स: नशे में चूर 100 रुपये जीतने के लिए तालाब में लगा दी छलांग, तमाशबीन बने रहे दोस्त","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
शर्त में जिंदगी हार गया शख्स: नशे में चूर 100 रुपये जीतने के लिए तालाब में लगा दी छलांग, तमाशबीन बने रहे दोस्त
Sat, 01 Feb 2025 12:26 PM IST
विजय पुंडीर
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: विजय पुंडीर
Updated Sat, 01 Feb 2025 12:26 PM IST
सार
ग्राम पुनावलीकला निवासी किसान उत्तम राजपूत (45) शराब पीने का आदी था। शराब पीने के दौरान उसके दोस्तों ने कहा कि गांव का तालाब तैरकर पार करने पर 100 रुपये दिए जाएंगे। इस पर शराब के नशे में उत्तम तालाब में कूद गया।
विज्ञापन
मृतक का फाइल फोटो
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
झांसी के रक्सा थाना इलाके में ग्राम पुनावलीकला में तालाब पार करने की 100 रुपये की शर्त जीतने के चक्कर में किसान की डूबने से मौत हो गई। किसान शराब पार्टी के दौरान हादसे का शिकार हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
विज्ञापन
ग्राम पुनावलीकला निवासी किसान उत्तम राजपूत (45) शराब पीने का आदी था। भतीजे अनिल राजपूत ने बताया कि चाचा सुबह गांव के ही अपने तीन दोस्तों के साथ शराब पी रहे थे। इसी बीच उनके दोस्तों ने कहा कि गांव का तालाब तैरकर पार करने पर 100 रुपये दिए जाएंगे। इस पर शराब के नशे में चाचा उत्तम तालाब में कूद गए। तैरते समय वह तालाब में उगी झाड़ियों में फंस गए, जिससे उनकी मौत हो गई। इस दरम्यान चाचा के दोस्त तमाशबीन बने रहे। डूबने के बाद उन्होंने शोर मचाना शुरू किया। इस पर मौके पर ग्रामीण जमा हो गए। उन्होंने उत्तम को तालाब से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। रक्सा थानाध्यक्ष परमेंद्र सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की पड़ताल शुरू कर दी गई है।
विज्ञापन
दो साल पहले बेटी ने कर ली थी आत्महत्या
मृतक किसान उत्तम राजपूत पत्नी इंद्रेश पिछले दो साल से मायके में रह रही है। उसके साथ बेटा राहुल और बेटी कल्ली रहती है। जबकि, एक बेटी नेहा मृतक उत्तम के साथ रहती है। वहीं, मृतक की एक बेटी सोनम की शादी शंकरगढ़ में हुई थी। ससुरालियों से हुए विवाद के बीच पिछले साल अगस्त माह में उसने मायके में आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
विज्ञापन