Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   A glimpse into the flavors and culture of Uttarakhand, starting from the gateway of Badrinath

Delhi NCR News: बदरीनाथ के द्वार से उत्तराखंड के स्वाद और संस्कृति तक की झलक

Amar Ujala Bureau अमर उजाला ब्यूरो
Updated Wed, 18 Nov 2026 07:27 PM IST
विज्ञापन
भारत मंडपम में सजा देवभूमि का पवेलियन, ऐपण कला से लेकर बाल मिठाई और मुनस्यारी की बुनाई तक दिख रही पहाड़ की विरासत
विज्ञापन


सचिन कुमार

नई दिल्ली। बदरीनाथ धाम के मुख्य द्वार की झलक देता प्रवेश द्वार, दीवारों पर पारंपरिक ऐपण कला की आकृतियां और स्टॉलों पर सजे पहाड़ी व्यंजन व हस्तशिल्प...। दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में उत्तराखंड का पवेलियन देवभूमि की संस्कृति, परंपरा और हुनर का आकर्षक परिचय करा रहा है। यहां पहाड़ की पहचान केवल सजावट में ही नहीं, बल्कि खानपान, पहनावे और पारंपरिक कलाओं में भी दिखाई देती है।
भारत मंडपम के हॉल नंबर-3 के प्रथम तल पर बने इस पवेलियन को पहाड़ी वास्तुकला और उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत के अनुरूप सजाया गया है। मुख्य द्वार बदरीनाथ धाम की याद दिलाता है। भीतर प्रवेश करते ही ऐपण कला की पारंपरिक आकृतियां लोगों का ध्यान खींचती हैं। यहां 40 से अधिक स्टॉलों के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों की खासियतों को प्रदर्शित किया गया है।
विज्ञापन

अल्मोड़ा की बाल मिठाई, कुमाऊं के पारंपरिक पकवान
पवेलियन में खानपान के स्टॉल उत्तराखंड के पारंपरिक स्वाद से रूबरू करा रहे हैं। अल्मोड़ा की प्रसिद्ध बाल मिठाई अपने चॉकलेटी रंग और चीनी के छोटे-छोटे दानों के लिए आकर्षण का केंद्र है। वहीं मालू के पत्ते में लिपटी सिंगौड़ी अपनी खुशबू और स्वाद से लोगों को लुभा रही है। कुमाऊं के पारंपरिक व्यंजनों में काली सोयाबीन यानी भट से बनी चुरकानी, जखिया के तड़के वाले आलू के गुटके, पालक और मेथी से तैयार काफुली तथा भुनी उड़द दाल की चैंसूं भी शामिल हैं। ये व्यंजन पहाड़ की पारंपरिक रसोई का स्वाद दिल्ली तक पहुंचा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

मुनस्यारी की बुनाई और रिंगाल का हुनर
हस्तशिल्प और वस्त्रों के स्टॉल भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। मुनस्यारी, पिथौरागढ़ और चमोली के बुनकरों के ऊनी शॉल, गर्म मोजे, पहाड़ी टोपियां और ट्वीड जैकेट यहां प्रदर्शित हैं। इन उत्पादों में स्थानीय बुनाई परंपरा और कारीगरों की मेहनत झलकती है। वहीं रिंगाल से बनी टोकरियां और सजावटी वस्तुएं पहाड़ के पारंपरिक हस्तशिल्प की समृद्धि को दर्शाती हैं।
स्थानीय कारीगरों को मिला बड़ा बाजार
पवेलियन की खासियत यह है कि यहां दूरदराज के गांवों के कारीगरों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर मिला है। इससे उनके उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने और नए ग्राहक जोड़ने की संभावनाएं बढ़ी हैं।

उत्तराखंड दिवस पर होंगे विभिन्न आयोजन
व्यापार मेले की इस वर्ष की थीम 'विकास और विरासत' है। उत्तराखंड का पवेलियन इस थीम को अपनी सांस्कृतिक विविधता के माध्यम से साकार कर रहा है। 20 नवंबर को उत्तराखंड दिवस के अवसर पर यहां प्रदेश की लोक संस्कृति और परंपराओं की विशेष प्रस्तुति होगी। 27 नवंबर तक चलने वाले इस मेले में उत्तराखंड का पवेलियन यह संदेश दे रहा है कि देवभूमि की पहचान केवल मंदिरों और पहाड़ों तक सीमित नहीं, बल्कि उसके पारंपरिक स्वाद, कला और मेहनतकश कारीगरों में भी रची-बसी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed