पैरेंट्स-टीचर मीट बना मौत का सबब, डांट के बाद छात्रा ने की आत्महत्या
शनिवार को पहली बार हुए दिल्ली के सरकारी स्कूलों में पैरेंट्स - टीचर मीट के बाद सारे अभिभावकों के चेहरे पर गजब की खुशी देखने को मिली थी। इस मीट में छात्र - छात्राओं के क्लास परफॉर्मेंस के बारे में अभिभावकों को जानकारी दी गई।
पर सरकार की इस पहल में दुःखद मोड़ तब आ गया जब 12 साल की छात्रा ने पश्चिमी दिल्ली के ख्याला स्थित अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी।
छात्रा विष्णु गार्डेन के गवर्नमेंट गर्लस सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सांतवी कक्षा में पढ़ती थी। उसके माता-पिता दोनों ही पेशे से मजदूर हैं।
टीचर ने बताया कि कई विषयों में छात्रा थी कमजोर
शनिवार को हुए इस मीट में जब छात्रा अपने आंटी के साथ पहुंची तो टीचर ने उसकी आंटी को बताया कि वह कई विषयों में कमजोर है।
छात्रा की मां के अनुसार इस बारे में पता चलते ही उसने बेटी को डांटा और मन लगा के पढ़ने को कहा। कुछ मिनटों के बाद उसने छात्रा को पंखे से लटका पाया।
उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्विटर के जरिए बताया कि इस मामले में उन्होंने मजिसट्रेट जांच के निर्देश दिए है।
ख्याला में बच्ची की आत्महत्या दुखद घटना है। मैंने परिस्थितियों की जांच के लिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए है।
— Manish Sisodia (@msisodia) 30 July 2016