विमान केबिन क्रू मेंबर की आपबीती: शादी के वादे पर उसे खुद को सौंपा, बदले में मिला शारीरिक शोषण-गर्भपात और दर्द
एक विमान कंपनी की केबिन क्रू मेंबर ने सहकर्मी पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, मारपीट और गर्भपात करवाने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पालम थाना पुलिस ने दुष्कर्म और मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 25 वर्षीय युवती पालम इलाके में रहती है और एक निजी विमान कंपनी में केबिन क्रू मेंबर है।
विस्तार
दिल्ली में एक निजी विमान कंपनी के केबिन क्रू में कार्यरत उत्तर पूर्वी राज्य की एक युवती के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने अपने एक सहकर्मी पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, मारपीट और गर्भपात कराने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पालम थाना पुलिस ने दुष्कर्म और मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 25 वर्षीय युवती पालम इलाके में रहती है और एक निजी विमान कंपनी में केबिन क्रू मेंबर है। युवती ने अपने सहकर्मी पर दुष्कर्म, मारपीट और गर्भपात करवाने का गंभीर आरोप लगाया है।
शनिवार को पालम थाने में दी शिकायत में युवती ने बताया कि असम का रहने वाला एक युवक उसके साथ केबिन क्रू में काम करता है। पिछले साल युवक ने उससे प्यार का इजहार किया। पहले तो उसने प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया। बाद में बार-बार शादी करने की बात कहने पर वह राजी हो गई।
शारीरिक संबंध बनाने से इनकार करने पर आरोपी ने शादी का आश्वासन दिया
कई महीनों तक दोनों एक दूसरे से मिलते रहे। उसके बाद आरोपी उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव देने लगा। शारीरिक संबंध बनाने से इनकार करने पर उसने शादी का आश्वासन दिया। दिसंबर 2021 में आरोपी ने उसके साथ संबंध बनाए।
संबंध बनाने के बाद अपने परिवार से लड़की को मिलवाया
संबंध बनाने के बाद आरोपी ने उसे अपने परिवार से भी मिलवाया। फिर पीड़िता ने अपने माता-पिता से उसे मिलवाया। पीड़िता का आरोप है कि दिसंबर 2021 से अप्रैल 2022 के बीच आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए। मई 2022 में उसे पता चला कि वह गर्भवती हो गई है।
पीड़िता के गर्भवती होने पर खिलाईै गोलियां
पीड़िता के गर्भवती होने की जानकारी मिलने पर आरोपी उस पर गर्भपात करवाने का दबाव बनाने लगा। काफी दबाव देकर उसने गर्भपात कराने के लिए गोलियां खिला दीं। इसके बाद उसने पीड़िता से दूरी बना ली। 20 दिन बात तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर पीड़िता डॉक्टर के पास गई, जहां डॉक्टर ने बताया कि वह गर्भवती है और पेट में तकलीफ होने की बात कहकर तत्काल ऑपरेशन करवाने का सुझाव दिया। वह आरोपी से लगातार संपर्क करने का प्रयास करती रही, लेकिन वह नहीं आया।
तहरीर देने पर आरोपी ने शिकायत वापसी का बनाया दबाव
पीड़िता के पिता ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत कर दी। उसके बाद आरोपी पीड़िता के पास आया और शिकायत वापस लेने का दबाव बनाने लगा, जिस पर परिवार वालों ने शिकायत वापस ले ली। उसके बाद से वह रिश्ता खत्म करने की बात कहकर चला गया।
नशे में पीड़िता के साथ आरोपी ने की मारपीट
इसके बाद दबाव बनाने के बाद 14 अगस्त को आरोपी उसके पास आया और नशे की हालत में उससे मारपीट की और बोतल से हमला किया। किसी तरह पड़ोसी के घर जाकर पीड़िता ने अपनी जान बचाई। उसके बाद पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ थाने में शिकायत की। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।