फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi NCR News ›   9 Years of PM Modi: What did the Modi government give to Delhi in 9 years? Congress taunt on BJP's claim

9 Years of PM Modi: नौ साल में मोदी सरकार ने दिल्ली को क्या दिया? भाजपा के दावे पर कांग्रेस का तंज

Thu, 25 May 2023 12:06 PM IST
Amit Sharma Digital अमित शर्मा
Updated Thu, 25 May 2023 12:06 PM IST
विज्ञापन
सार
9 Years of PM Modi: भाजपा और आप की दिल्ली पर सत्ता की जंग के बीच केंद्र सरकार ने कई ऐसे कदम उठाए हैं, जिसके कारण दिल्ली को काफी लाभ मिला है। 12 हजार करोड़ रुपये के बजट से बने ईस्टर्न-वेस्टर्न पेरिफेरल सड़कों के जरिए दिल्ली को वाहनों की भीड़ और प्रदूषण से बचाने की कोशिश की गई है...
loader
9 Years of PM Modi: What did the Modi government give to Delhi in 9 years? Congress taunt on BJP's claim
9 yeras of Modi Govt - फोटो : Amar Ujala/Rahul Bisht

विस्तार

केंद्र में भाजपा सरकार के नौ वर्ष पूरे हो गए हैं। पार्टी ने इस अवसर पर देश के सभी राज्यों में प्रेस कांफ्रेंस कर सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाने की मुहिम शुरू की है। इसी क्रम में दिल्ली भाजपा ने कहा है कि केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार होने का दिल्ली को भारी लाभ मिला है। कर्तव्य पथ, प्रगति मैदान, नेशनल वॉर मेमोरियल और इको-भारत वंदना पार्क बनाकर दिल्ली को नई पहचान देने की कोशिश की गई है, तो कूड़े से बिजली बनाने की शुरुआत कर इसे साफ-सुथरा बनाने की पहल की गई है। वहीं, आम आदमी पार्टी का दावा है कि भाजपा उसके कार्यों का श्रेय ले रही है, तो कांग्रेस ने तंज कसा है कि भाजपा और आम आदमी पार्टी ने मिलकर दिल्ली को अराजकता से भरा शासन दिया है।

केंद्र ने दिल्ली को क्या दिया

भाजपा और आप की दिल्ली पर सत्ता की जंग के बीच केंद्र सरकार ने कई ऐसे कदम उठाए हैं, जिसके कारण दिल्ली को काफी लाभ मिला है। 12 हजार करोड़ रुपये के बजट से बने ईस्टर्न-वेस्टर्न पेरिफेरल सड़कों के जरिए दिल्ली को वाहनों की भीड़ और प्रदूषण से बचाने की कोशिश की गई है। प्रगति मैदान टनल (928 करोड़ रुपये) से लुटियन दिल्ली और इंडिया गेट के आसपास वाहनों का दबाव कम करने की कोशिश हुई है। रैपिड रेल (30270 करोड़ रुपये) से दिल्ली में आबादी का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।

इको और भारत वंदना पार्क

884 एकड़ में 343 करोड़ रुपये के बजट से बनाए जा रहे 'इको पार्क' के बनने के बाद दिल्ली वालों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के शहरों के जैसा फन-जोन दिल्ली में मिल सकेगा। दावा है कि इस तरह की अंतरराष्ट्रीय सुविधा का फन जोन दिल्ली तो क्या देश में भी कहीं नहीं है। इससे दिल्ली के पर्यटन को एक नई ऊंचाई मिलने की संभावना है, जो यहां रोजगार के अवसरों में वृद्धि करेगी। इसके अलावा 200 एकड़ में द्वारका में बन रहा भारत वंदना पार्क भी पर्यटन का नया केंद्र बनकर उभरेगा।

गरीबों को मिले मकान

केंद्र सरकार ने दिल्ली में गरीबों के लिए 3000 फ्लैट बनाकर इसकी चाबी उन्हें सौंप दी है और ऐसे परिवार अब झुग्गी-झोपड़ी छोड़कर एक बेहतर माहौल में रह रहे हैं। इसी तरह के कुछ हजार फ्लैट पर अभी भी निर्माण जारी है। इससे दिल्ली की छवि बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। इसी तरह के अनेक काम केंद्र सरकार ने किए हैं जिसके लिए उसे श्रेय दिया जा सकता है।

मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर प्रेस कांफ्रेंस करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा
मोदी सरकार के नौ वर्ष पूरे होने पर प्रेस कांफ्रेंस करते हुए दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा - फोटो : Amar Ujala

यहां फेल रही केंद्र-दिल्ली सरकार

हालांकि इसके साथ सच यह भी है कि दिल्ली की कई बड़ी समस्याएं अभी भी जस की तस हैं। इसमें सबसे बड़ी समस्या यमुना की सफाई की है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने गंगा की सफाई का काम बेहतर ढंग से कर अपना प्रभाव छोड़ा है। लेकिन उनकी यह योग्यता यमुना के मामले में दिखाई नहीं पड़ रही है। उन्होंने यमुना की सफाई के लिए 6000 करोड़ रुपये की भारी-भरकम रकम दिल्ली सरकार को दिए हैं। इसी प्रकार जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने 2419 करोड़ रुपये दिल्ली सरकार को देकर यमुना की सफाई कराने का दावा किया था।

दिल्ली सरकार का कहना है कि वह यमुना की सफाई के काम पर लगातार काम कर रही है। एसटीपी बनाकर यमुना की सफाई किए जाने का काम चल रहा है। इसका असर आने वाले समय में दिखाई पड़ेगा। हालांकि, यमुना की हालत देखते हुए अभी केंद्र और दिल्ली सरकार दोनों के प्रयास अधूरे दिखाई पड़ रहे हैं।

परिवहन-प्रदूषण

दिल्ली की सबसे बड़ी समस्या ट्रैफिक, वाहनों के प्रदूषण और कूड़े के पहाड़ों को कम करने की है। मेट्रो और ई बसों ने भी प्रदूषण कम करने का काम किया है। दोनों ही सरकारों ने अपने-अपने स्तर पर प्रदूषण को कम करने की कोशिश की है, लेकिन स्थिति बताती है कि दिल्ली को इन समस्याओं से मुक्ति के लिए अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है।

भाजपा ने कहा

दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि केंद्र सरकार के कार्यों के कारण लोगों का जीवन आसान हुआ है। प्रदूषण से राहत मिली है और विकास की नई राह खुली है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता इन कार्यों को देख रही है और समझ रही है कि दिल्ली का विकास किन हाथों में सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि नया संसद भवन देकर सरकार ने देश को एक नई पहचान देने की सफल कोशिश हुई है। भाजपा अगले लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सातों सीटें पहले से ज्यादा वोटों के अंतर से जीतेगी।

केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि विभिन्न योजनाओं के माध्यम से केंद्र सरकार ने राजधानी की छवि बदलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि 60 हजार करोड़ रुपये केवल हाइवे के निर्माण के लिए दिए गए हैं। 76 किलोमीटर लंबा नया हाइवे बनाने में 20 हजार करोड़ रुपये से बनाया जा रहा है। इससे राजधानी दिल्ली के लोगों को भारी लाभ मिलेगा।

हमारे कामों का श्रेय ले रही केंद्र सरकार- आम आदमी पार्टी

दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा है कि केंद्र सरकार उनकी योजनाओं का श्रेय ले रही है। एलजी कूड़े की सफाई और यमुना की सफाई के दिल्ली सरकार के कामों को अपना बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र को दिल्ली को सहयोग करने की आवश्यकता है, लेकिन केंद्र से उन्हें कोई सहयोग नहीं मिल रहा है।

कांग्रेस ने लगाया आरोप

कांग्रेस प्रवक्ता रितु चौधरी ने कहा कि भाजपा और आम आदमी पार्टी दोनों ही दिल्ली के विकास के दावे करती हैं, लेकिन राजधानी की स्थिति देखकर कोई भी यह कह सकता है कि राजधानी में कोई विकास नहीं हो रहा है। भाजपा-आप की आपसी लड़ाई में दिल्ली की जनता का काम प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली में शीला दीक्षित सरकार के बाद इसके विकास का कोई काम नहीं हुआ है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

Next Article

Followed