Indian Railways: तिलक ब्रिज, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल समेत 43 स्टेशनों को निखारेगा रेलवे, पुननिर्माण होगा
दिल्ली के तिलक ब्रिज रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना, केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी मौजूद रहीं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को लगभग 41,000 करोड़ रुपये की 2000 से अधिक रेलवे बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। विश्व का सबसे बड़ा रिडेवलेपमेंट कार्यक्रम रेलवे ने आयोजित कर इतिहास रचा है। ऐसा पहली बार हुआ है जब रेलवे ने एक साथ 2000 से अधिक जगहों पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया जिसमें 4 लाख से अधिक लोग जुड़े। इनमें 5090 से अधिक सांसद, 11 राज्यों के मुख्यमंत्री, 8 उपमुख्यमंत्रियों के अलावा कई राज्यों के राज्यपाल व उपराज्यपाल शरीक हुए।
दिल्ली के तिलक ब्रिज रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना, केंद्रीय राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी मौजूद रहीं। प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिन रेलवे बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया, उनमें उत्तर रेलवे के बल्लभगढ़, फरीदाबाद न्यू टाउन, गोहाना, गुरुग्राम, मुजफ्फरनगर, मेरठ सिटी जंक्शन, पलवल, तिलक ब्रिज, बैजनाथ पपरोला, मोगा, ब्यास जंक्शन, जालंधर सिटी जंक्शन, श्री माता वैष्णो देवी कटरा, अकबरपुर जंक्शन, बाबतपुर, बादशाहपुर, भरतकुंड, चिलबिला जंक्शन, गौरीगंज, हैदरगढ़, जौनपुर शहर, कानपुर ब्रिज लेफ्ट बैंक, कुंडा हरनामगंज, लालगंज, लंभुआ, लोहता, मल्हौर, मानक नगर, मड़ियाहू, मोहनलालगंज, निहालगढ़, फाफामऊ, शिवपुर, श्रीकृष्ण नगर, तकिया, ऊंचाहार, व्यासनगर, आंवला, बालामऊ जंक्शन, बुलन्दशहर, गढ़मुक्तेश्वर, कोटद्वार और स्योहारा समेत 43 रेलवे स्टेशन शामिल हैं।
इसके अलावा उत्तर रेलवे के 92 आरओबी/आरयूबी में 56 उत्तर प्रदेश में, 17 हरियाणा में, 13 पंजाब में, 4 दिल्ली में, 1 हिमाचल प्रदेश में और 1 जम्मू-कश्मीर में है। लखनऊ मंडल में 43, दिल्ली में 30, फिरोजपुर में 10, अंबाला में 7 और मुरादाबाद मंडल में 2 आरओबी व आरयूबी का निर्माण किया जाएगा। इससे मानवयुक्त समपार फाटक खत्म होगा। इससे ट्रेन परिचालन में संरक्षा, ट्रेनों की गतिशीलता बढ़ेगी। सड़क उपयोगकर्ताओं को भी गुमटी पर जाम की समस्या से निजात मिलेगी।
विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस होंगे स्टेशन
अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों के लिए मास्टर प्लान तैयार करना और सुविधाओं को बढ़ाना है। कई चरणों में मास्टर प्लान को लागू कर रेलवे यात्रियों को बेहतर सुविधा देगा। वेटिंग हॉल को क्लब किया जाएगा और अच्छे कैफेटेरिया की सुविधा यात्रियों को मिलेगी। सभी श्रेणियों के स्टेशनों पर उच्च स्तरीय प्लेटफाॅर्म उपलब्ध कराए जाएंगे। स्टेशन के आसपास की सड़कों का चौड़ीकरण किया जाएगा। अवांछित संरचनाओं को हटाकर बेहतर डिजाइन किया जाएगा। पैदल पथ, सुनियोजित पार्किंग क्षेत्र, बेहतर प्रकाश व्यवस्था की सुविधा प्लेटफाॅर्म व स्टेशन पर होगी। स्टेशन के पहुंच मार्गों में सुधार किया जाएगा। स्टेशनों पर दिव्यांगों के लिए सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। योजना में नई सुविधाओं की शुरुआत के साथ-साथ मौजूदा सुविधाओं को बेहतर किया जाएगा। रेलवे स्टेशनों पर भी गरीबों और मध्यम वर्ग के लोगों को एयरपोर्ट जैसी आधुनिक सुविधाएं रेलवे देगा।
ये स्टेशन शहर के दोनों किनारों को जोड़ते हुए ''सिटी सेंटर'' के रूप में कार्य करेंगे। इनमें रूफ प्लाजा, सुंदर भूदृश्य, इंटर मॉडल कनेक्टिविटी, स्टेशन का बेहतरीन अगला हिस्सा, बच्चों के खेलने का क्षेत्र, कियोस्क, फूड कोर्ट जैसी आधुनिक यात्री सुविधाएं होंगी। इन्हें पर्यावरण अनुकूल और दिव्यांग अनुकूल के रूप में पुनर्विकसित किया जाएगा। इन स्टेशन भवनों का डिजाइन स्थानीय संस्कृति, विरासत और वास्तुकला से प्रेरित होगा। भविष्य में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इस स्टेशन पर आगमन और प्रस्थान सुविधाओं को अलग किया जाएगा। केंद्रीय वातानुकूलित स्टेशन में एयर कॉनकोर्स, कंजेशन फ्री सर्कुलेशन, फूड कोर्ट और ऊपरी तथा निचले बेसमेंट में पर्याप्त पार्किंग जैसी आधुनिक यात्री सुविधाएं मिलेंगी।