Delhi: डेंगू से पहली बार पांच ने गंवाई जान, केस बढ़कर 4114 हुए, पिछले एक हफ्ते में 257 नए मामले आए सामने
दिल्ली में हर साल अक्तूबर से लेकर दिसम्बर तक डेंगू का प्रकोप बढ़ जाता है। बीते साल 2021 में डेंगू ने दिल्ली में कोहराम मचाया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ठंड बढ़ने के बावजूद दिल्ली में डेंगू के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और इस साल पहली बार पांच लोगों की डेंगू से मौत होने की जानकारी भी मिली है। बीते एक हफ्ते में फिर से डेंगू के 257 नए केस आए हैं। इस साल डेंगू के कुल केस बढ़कर 4,114 पहुंच गए हैं। सोमवार को आई एमसीडी की मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया की साप्ताहिक रिपोर्ट में यह जानकारी मिली है। डेंगू रिव्यू कमेटी ने स्पष्ट किया है कि डेंगू से होने वाली मौतें सितंबर, अक्तूबर और नवंबर में हुई हैं।
एमसीडी के अधिकारियों की मानें तो मच्छरों का प्रजनन रोकने के लिए उन्होंने पिछले साल की तुलना में इस साल करीब 47 लाख ज्यादा घरों का दौरा कर मच्छर रोधी दवा का छिड़काव किया। दो महीने पहले फॉगिंग शुरू कराई, जिससे इस साल डेंगू को नियंत्रित करने में मदद मिली है। दिल्ली में हर साल अक्तूबर से लेकर दिसम्बर तक डेंगू का प्रकोप बढ़ जाता है। बीते साल 2021 में डेंगू ने दिल्ली में कोहराम मचाया था। इस साल डेंगू के 9,613 केस दर्ज किए गए थे, जिनमें से 9,272 केस केवल अक्तूबर-दिसम्बर के बीच दर्ज किए गए थे और 23 लोगों की इससे मौत हुई थी। इस साल सूझबूझ के कारण आखिरी तीन महीने में केवल 3,248 केस दर्ज किए गए और अब पांच लोगों की मौत होने की पुष्टि हुई है।
मध्य दिल्ली क्षेत्र डेंगू से सर्वाधिक प्रभावित रहा। यहां डेंगू के 259 केस दर्ज किए गए। फिर दक्षिणी दिल्ली में 258, नजफगढ़ में 252, केशवपुरम में 250, पश्चिमी दिल्ली में 247, करोल बाग में 247, केस दर्ज किए गए। बाकी जोनों में भी कुछ ऐसे ही कम ज्यादा डेंगू के केस दर्ज किए गए।
डेंगू के 1,235 मरीजों के घर का नहीं मिला पता
एमसीडी की रिपोर्ट से पता चला कि इस साल अस्पतालों में डेंगू का इलाज कराने वाले 1,235 मरीजों के घर का पता नहीं मिला। इन मरीजों ने डेंगू का इलाज कराया और ठीक होने पर गायब हो गए। इस साल एमसीडी के अधिकार क्षेत्र में 2,562 केस, एनडीएमसी इलाके में 109 केस, दिल्ली कैंट क्षेत्र में 169 और रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में 39 केस पाए गए।