दिल्ली के 140 रेस्तरां और पब नए साल के जश्न से पहले दुरुस्त करें अपनी खामियां, नहीं तो...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुंबई के पब में बर्थडे पार्टी के दौरान लगी आग की घटना के बाद शनिवार को दिल्ली फायर सर्विस (दमकल विभाग) ने राजधानी के कई रेस्तरां व पब का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान 140 रेस्तरां और पब में कुछ न कुछ खामियां पाई गईं। सभी को चेतावनी देकर संबंधित नगर निगमों को सूचना दे दी गई है।
नए साल के जश्न से पहले यदि यह रेस्तरां व पब खामियों को दुरुस्त नहीं करते हैं तो इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। आठ रेस्तरां को निकासी ठीक न होने के संबंध में दमकल विभाग की ओर से नोटिस भी जारी किया गया है।
दिल्ली फायर सर्विस के निदेशक डॉ. जीसी मिश्रा ने बताया कि नियमों के अनुसार 50 सीटों से कम क्षमता वाले रेस्तरां या पब को दमकल विभाग की एनओसी (अनापत्ति प्रमाणपत्र) की जरूरत नहीं होती है। 50 या उससे अधिक लोगों की क्षमता वाले रेस्तरां व पब को एनओसी लेना जरूरी होता है।
कैलाश कॉलोनी के रेस्तरां में मुंबई पब जैसी निर्माण सामग्री
मुंबई हादसे के बाद दमकल विभाग ने शनिवार को राजधानी के कई रेस्तरां व पब की जांच की। इनमें 140 रेस्तरां व पब में आग के बचाव से संबंधित खामियां पाई गईं। 50 लोगों की क्षमता से कम वाले 101 रेस्तरां में खामियां मिलीं। वहीं 50 लोगों से अधिक क्षमता वाले 39 रेस्तरां में खामियां मिलीं।
मुंबई के जिस पब में आग लगी थी, उसके निर्माण में ऐसी सामग्री का इस्तेमाल किया गया था, जिससे आग तेजी से फैली और लोगों को बचने का मौका तक नहीं मिला। दिल्ली फायर सर्विस के निदेशक जीसी मिश्रा ने बताया कि कैलाश कॉलोनी के ‘27 कैफे’ नामक रेस्तरां में भी ठीक मुंबई पब जैसी सामग्री का इस्तेमाल किया गया है।
दमकल विभाग ने सख्त कार्रवाई करने की बात कर रेस्तरां के बारे में एसडीएमसी को सूचना दे दी है। यदि रेस्तरां अपनी खामियों को दुरुस्त नहीं करता है, तो उसे सील करने के लिए कहा जाएगा।