परिवार ने नहीं पूरी की ये जिद, तो 12वीं के छात्र ने पेड़ से लटक कर दी जान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात 12वीं के छात्र ने गले में फंदा डालकर खुदकुशी कर ली। उसका शव घर के पास एक पेड़ से लटका मिला।
बताया गया है कि छात्र को शहर से दूर स्थित स्कूल आने-जाने में चार से पांच घंटे लग जाते थे, इससे उसे खेलने, पढ़ने आदि के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा था। इस मुसीबत से छुटकारा पाने के लिए वह परिजन से बाइक लेने की जिद कर रहा था।
अंदेशा जताया जा रहा है कि बाइक की जिद पूरी नहीं होने के कारण उसने आत्महत्या कर ली। मूलरूप से वाराणसी निवासी एचके मौर्य गलगोटिया कॉलेज में लैब टेक्निशियन हैं और डेल्टा-3 सेक्टर में परिवार के साथ रहते हैं।
इसलिए कर रहा था बाइक दिलाने की जिद
उनके भाई सुनील कुमार ने बताया कि एचके मौर्य का बेटा अभय (17) मायचा गांव स्थित उमा पब्लिक स्कूल में 12वीं का छात्र था। शनिवार रात अभय का शव घर के पास स्थित पेड़ पर लटका मिला।
परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। छानबीन में पता चला कि अभय बस से स्कूल जाता था। स्कूल शहर से दूर होने और रास्ते में कई सेक्टर-सोसायटी के छात्रों को लेने के कारण स्कूल पहुंचने में बस को दो से ढाई घंटे लगते थे।
वहीं स्कूल से आने में भी लगभग इतना ही समय लगता था। स्कूल आने-जाने में हो रही समय की बर्बादी से अभय काफी परेशान था। वह परिजनों ने ऑटो बुक कराने या फिर बाइक दिलाने की जिद कर रहा था।
कई दिन से कर रहा था खुदकुशी की तैयारी
परिजनों ने बताया कि जिस पेड़ पर फंदा डालकर अभय ने खुदकुशी की। उस पेड़ पर कई दिन से एक पुरानी साड़ी बंधी थी। बच्चों ने इसकी जानकारी दी थी, लेकिन उन्होंने इस पर ध्यान नहीं दिया।
वहीं, घर के पीछे रहने वाले लोगों ने बताया कि उन्होंने कुछ दिन पहले अभय को पेड़ के पास उस धोती को बांधते देखा था। अभय के कुछ दोस्त बाइक से स्कूल आते जाते थे। इसके चलते वह भी घर वालों से बाइक की मांग कर रहा था, लेकिन उसके नाबालिग होने व लाइसेंस न बन पाने के कारण परिजन उसकी जिद पूरी नहीं कर पा रहे थे।
परिजनों ने एक ऑटो वाले से भी उसे स्कूल ले जाने की बात की थी लेकिन अन्य छात्र नहीं मिल पाने के लिए ऑटो वाला तैयार नहीं हुआ था। मनीष सक्सेना, कोतवाली प्रभारी, सूरजपुर ने बताया कि प्राथमिक जांच में अवसाद के कारण छात्र के खुदकुशी करने की बात सामने आई है। पड़ताल के बाद पूरे मामले की जानकारी हो पाएगी।