पटाखा जलाकर ऊपर रख दिया गिलास, धमाके के बाद शरीर में धंसे टुकड़े, कुछ ही देर में हुई मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर में पटाखे जलाते समय खेल-खेल में एक युवक की जान चली गई। पटाखे को जलाने के बाद किसी ने उसे गिलास से ढक दिया था। इससे धमाके के साथ गिलास फट गया और इसके टुकड़े पास में खड़े एक अन्य युवक के शरीर में जा धंसे। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस को मामले में तहरीर नहीं दी गई है।
ग्राम सरदारनगर निवासी अरविंद (19) पुत्र श्यामलाल सोमवार सुबह करीब 11 बजे गांव के ही पीछे बहने वाली नदी पर गया था। इस दौरान वहां कुछ युवक पटाखे फोड़ रहे थे। एक युवक ने पटाखे के ऊपर स्टील का गिलास रख दिया।
पटाखे के धमाके से फटने पर गिलास के परखचे उड़ गए और गिलास के टुकड़े पास खड़े अरविंद के शरीर में जा घुसे। इससे अरविंद लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। आननफानन में पटाखे फोड़ रहे युवकों ने अरविंद के चाचा प्रेम सिंह और अन्य लोगों की मदद से उसे सीएचसी गदरपुर पहुंचाया।
अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अरविंद की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। इधर, सूचना पर पहुंची सिडकुल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवाया।
वहीं, गदरपुर थाने से एसआई ललित बिष्ट ने पुलिस फोर्स के साथ ग्राम सरदार नगर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लेते हुए गिलास के टुकड़ों को कब्जे में लिया। साथ ही ग्रामीणों एवं परिजनों से जानकारी ली। समाचार लिखे जाने तक पुलिस को तहरीर नहीं मिली थी।
मातम में बदली दीपावली और शादी की खुशियां
मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण कर रहे श्यामलाल के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में दीपावली एवं शादी की तैयारियां चल रहीं थीं लेकिन अचानक बेटे की मौत से मातम पसर गया है।
सात नवंबर को अरविंद के भाई अमित की शादी होनी है। इसको लेकर घर में रंगाई-पुताई चल रही थी। तीन भाई बहनों में अरविंद दूसरे नंबर का था। बडे़ भाई अमित की शादी तय हो चुकी है और छोटी बहन ललिता है।