हाईटेंशन तार की चपेट में आने से युवक की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हल्द्वानी में प्रेमपुर लोसज्ञानी स्थित मकान की छत पर टहलने गया एक युवक मंगलवार दोपहर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से जल गया।
उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वह तार में ही चिपक गया था। बिजली बंद कराने के बाद पड़ोसियों की मदद से युवक के शव को तार से निकाला गया। पुलिस की प्राथमिक जांच से पता चला कि युवक पड़ोस में रहने वाले अपने फूफा के छत पर घूमने के लिए आया था।
लापरवाही के चलते वह छत की रेलिंग पर बैठा और पीठ में तार छूने पर यह हादसा हो गया। मूल रूप से बागेश्वर निवासी राकेश कुमार टम्टा (28) प्रेमपुर लोसज्ञानी में दादी पार्वती (70) के साथ रहता था। उसके पिता रमेश चंद्र टम्टा बागेश्वर के सहायक कोषाधिकारी हैं।
11 हजार वोल्टेज की लाइन की चपेट में आया युवक
वह मंगलवार दोपहर पड़ोस में रहने वाले फूफा प्रधानाचार्य गोपाल राम आर्या की छत पर टहलने गया। इस बीच वह रेलिंग पर बैठ गया, तभी पास से गुजर रही 11 हजार वोल्टेज की विद्युत लाइन की चपेट में आया और जल गया।
पड़ोसियों ने तत्काल लाइनमैन को इसकी सूचना दी। बिजली कटने के बाद पड़ोसियों की मदद से राकेश को नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर सीओ लालकुआं बच्चन सिंह राणा, थानाध्यक्ष संजय पांडेय के साथ मौके पर पहुंचे।
उधर, हादसे की जानकारी मिलने पर पहुंचे ग्राम प्रधान पति कृपाल सिंह ने कहा कि जब तक विद्युत अधिकारी मौके पर नहीं आएंगे, शव उठाया नहीं जाएगा। बताया कि दो साल से विद्युत लाइन मकानों से सटी है, जिसे हटाने की शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
राकेश आईटीआई करने के बाद से रोजगार की तलाश में था। उसका छोटा भाई बृजेश जल संस्थान में जेई है और सबसे छोटा भाई मुकेश एमएससी कर रहा है। शाम को बागेश्वर से पिता के आने पर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव कब्जे में लिया।