उत्तराखंड: बारिश और बर्फबारी से माइनस में पहुंचा तापमान, ठंड से 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में रुद्रपुर के भूरारानी क्षेत्र में रहने वाले मुरादाबाद निवासी युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के घर से कुछ दूरी पर उसका शव बरामद किया। पुलिस मौत का कारण नशा और ठंड मान रही है।
मूलरूप से मुरादाबाद के गुलाबबाड़ी निवासी सोहनलाल (40) पुत्र धन्नू सिंह भूरारानी की दुर्गा कॉलोनी में अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ किराये के मकान में रहता था। सोहनलाल लंबे समय से बेरोजगार था, जबकि उसकी पत्नी लोगों के घरों में काम करके परिवार चला रही थी।
मंगलवार सुबह क्षेत्र के लोगों ने सड़क किनारे सोहनलाल को बेहोश देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने सोहनलाल को मृत घोषित कर दिया।
रुद्रपुर कोतवाली के एसआई प्रकाश बिष्ट ने बताया कि सोहनलाल शराब पीने का आदी था। सोमवार को भी उसने दिनभर शराब पी और रात में करीब दस बजे घर से निकल गया। आशंका है कि रात भर खुले में पड़े रहने से सोहनलाल की ठंड लगने से मौत हुई है।
बारिश और बर्फबारी से माइनस में पहुंचा तापमान
पहाड़ों में बर्फबारी और मैदान व निचले पहाड़ी इलाकों में हुई बारिश के बाद प्रदेश के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान माइनस में पहुंच गया है। वहीं, कई इलाकों में पारा शून्य के आसपास बना हुआ है। मंगलवार को लगभग पूरे दिन हुई बारिश व बर्फबारी के बाद प्रदेशभर में ठंड बहुत अधिक बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार आज भी बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में सोमवार शाम से ही बारिश शुरू हो गई थी। सोमवार रात को कई दौर की बारिश हुई। साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ भी गिरने लगी। मंगलवार सुबह आसमान काले बादलों से घिर गया और अच्छी बारिश हुई। बदरीनाथ, केदारनाथ, हेमकुंड साहिब, औली, गंगोत्री, यमुनोत्री, आली, बेदनी, रूपकुंड, थल, मुनस्यारी समेत ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई।
मसूरी, धनोल्टी और आसपास के क्षेत्रों लालटिब्बा, बासागाड़, बुरांसखंडा, कपलानी, सुरकंडा, काणाताल समेत अन्य कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी अच्छी बर्फ गिरी। धनोल्टी क्षेत्र में बर्फबारी देखने बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटकों के कारण दिनभर जाम की स्थिति रही। कई पर्यटक घंटों तक जाम में फंसे रहे।
ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश से ज्यादातर क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे गिर गया। इसका असर मैदानी क्षेत्रों में भी देखने को मिला है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि बुधवार को भी बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है। हालांकि मंगलवार की तुलना में इसकी मात्रा में कमी आ सकती है।