बस स्टेशन पर कहासुनी के बाद दबंगों ने युवक को दौड़ा-दौड़ाकर बुरी तरह पीटा, वीडियो वायरल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ बस स्टेशन के पास कहासुनी के बाद कुछ दबंगों ने एक युवक को बुरी तरह से पीट दिया। जान बचाकर इधर-उधर भाग रहे युवक को ट्रैफिक पुलिस के जवानों ने एक भोजनालय में बंद कर बमुश्किल बचाया।
इधर, युवक को सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से पीटने के दो वीडियो भी वायरल हो गए। बुधवार को हुई इस मारपीट मामले की तहरीर नहीं मिलने पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
वायरल वीडियो में बस स्टेशन के बाहर सड़क पर कुछ लोग एक युवक को बेरहमी से पीटते हुए नजर आ रहे हैं। युवक अपनी कमीज को हाथ में पकड़कर जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहा है। इस दौरान मौके पर कुछ अन्य युवक भी आते हैं और उसे पीटना शुरू कर देते हैं।
इसके बाद युवक को बीच सड़क पर लिटाकर लात-घूंसों से पीटा जाता है। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। मारपीट होते देख यातायात पुलिस के दो जवान युवक को बचाने पहुंचे लेकिन युवक को हमलावर पीटते ही रहे।
किसी तरह पुलिस के जवानों ने युवक को एक भोजनालय के भीतर बंद करके बाहर से कुंडी लगा दी। पुलिस के इस कदम से भड़के युवकों ने होटल के बाहर रखी बर्तनों की टोकरी पुलिस के ऊपर फेंक दी। हमलावर युवकों ने होटल के भीतर घुसने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस के दोनों जवानों ने उन्हें भीतर नहीं जाने दिया।
बाद में सभी हमलावर चले गए। सूचना मिलने पर कोतवाली से मौके पर पहुंची। पुलिस युवक को थाने लाई। कोतवाली पुलिस के अनुसार युवक नशे की हालत में था। उसका 81 पुलिस एक्ट में चालान किया गया है।
बताया जा रहा है कि पीड़ित का किसी बात को लेकर दूसरे युवक से विवाद हो गया था। इसके बाद दूसरा युवक अपने साथियों को बुलाकर लाया और उसकी पिटाई कर दी। पुलिस का कहना है कि अब तक किसी भी पक्ष से तहरीर नहीं मिली है। लिखित तहरीर मिलने पर ही कार्रवाई की जाएगी।