11 मई को ज्वाइनिंग ली, 11 जून को 'टकराई' मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महीने पहले डॉक्टर के पद पर ज्वाइनिंग के बाद जहां खुशियां छाई थीं, महीने भर बाद उसी घर में मातम छा गया। टिहरी के सुवाखोली-थत्यूड़ मार्ग पर बीती देर रात कार हादसे ने डॉक्टर की जान ले ली। जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थत्यूड़ में भर्ती किया गया है।
बुधवार देर रात 1.30 बजे सुवाखोली-थत्यूड़ मार्ग पर 33 केवी विद्युत सब स्टेशन के समीप ऑल्टो कार 100 मीटर खाई में गिर गई। इस हादसे में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थत्यूड़ में कार्यरत डॉ. कुलदीप नेगी (28) पुत्र गंभीर सिंह नेगी हाउस नंबर 2725 लेन 2 पत्लीगढ़, अमृतसर की मौके पर ही मौत हो गई।
कार में सवार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थत्यूड़ का कैंटीन संचालक जयशरण रतूड़ी (38) पुत्र तेजराम ग्राम सिर्स पट्टी पालीगाड टिहरी, लैब टेक्नीशियन उमेश सिंह बसेरा (32) पुत्र होशियार सिंह बसेरा ग्राम पाली पोस्ट डोढीपाली पिथौरागढ़ और आई टैक्नीशियन वैभवराज उनियाल (28) पुत्र अनिल कुमार नत्थुवाला जिला देहरादून घायल हो गए।
घायलों की एक की स्थिति गंभीर, रेफर
घायलों को 108 की मदद से उपचार के लिए थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया गया। जयशंकर रतूड़ी की गंभीर स्थिति को देखते हुए मसीह अस्पताल मसूरी ले जाया गया। बताया जा रहा है कि ये लोग रात को अपने किसी परिचित के घर मसूरी जा रहे थे।
हादसे की सूचना पर राजस्व उप निरीक्षक उत्तम लाल व टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष सुनील थपलियाल सहित आसपास के लोग एकत्रित हुए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। मृतक नेगी के शव को पोस्टमार्टम के लिए मसूरी भेजा गया। बृहस्पतिवार को उनके परिजन भी अमृतसर से मसूरी पहुंच गए।
11 मई को डॉक्टर की हुई थी ज्वाइनिंग
कार दुर्घटना में मृत डॉ. कुलदीप नेगी ने कर्नाटक से एमबीबीएस किया। उनकी प्रथम नियुक्ति स्वास्थ्य केंद्र नैनबाग में 23 अप्रैल को हुई थी। 11 मई को डॉ. नेगी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थत्यूड़ में व्यवस्था पर भेजा गया। एक माह बाद 11 जून को कार दुर्घटना में डॉ. नेगी की मौत से थत्यूड़ क्षेत्र के लोग गमजदा हैं।