वर्ल्ड हाइपरटेंशन डे: बेवजह न पालें तनाव वरना मुश्किल होगा हाइपरटेंशन से बचाव
विश्व स्वास्थ्य संगठन के आंकड़ों पर नजर डालें तो पूरी दुनिया में हाइपरटेंशन से ग्रसित लोगों की संख्या 213 करोड़ है। रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया का हर चौथा व्यक्ति हाइपरटेंशन से ग्रसित है। भारत में फिलहाल 20 करोड़ से अधिक लोग हाइपरटेंशन से जूझ रहे हैं। जो काफी बड़ा आंकड़ा है।
विस्तार
अगर आप पूरी तरह स्वस्थ हैं तो आपको कोरोना बीमारी को लेकर बहुत अधिक चिंता करने की जरूरत नहीं है। यदि आप किसी भी बीमारी को लेकर ज्यादा चिंता करेंगे तो हाइपरटेंशन का शिकार हो सकते हैं।
चिकित्सा विशेषज्ञों का कहना है कि वर्तमान समय में भारत समेत पूरी दुनिया में फैली कोरोना महामारी के चलते बड़ी संख्या में लोग हाइपरटेंशन (उच्च रक्तचाप) का शिकार हो रहे हैं। यदि हाइपरटेंशन ने अपनी गिरफ्त में ले लिया तो हार्टअटैक, किडनी आदि की बीमारियों से ग्रसित हो सकते हैं। उचित खानपान और संतुलित जीवन शैली अपनाकर हाइपरटेंशन से निजात पा सकते हैं।
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ चिकित्सक प्रोफेसर नारायणजीत सिंह का कहना है कि वर्तमान समय में हाइपरटेंशन की गिरफ्त में आना सामान्य बात है। कोरोना संक्रमण के दौर में बड़ी संख्या में लोग बीमारी की गिरफ्त में आ रहे हैं। यदि कोई भी स्वस्थ व्यक्ति अधिक तनावग्रस्त होता है तो उसके हाइपरटेंशन से ग्रसित होने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसे में मौजूदा दौर में कोरोना को लेकर बहुत अधिक चिंता करने की जरूरत नहीं है। खानपान में बदलाव और संतुलित जीवन शैली अपनाकर हाइपरटेंशन से बचा जा सकता है।
पुरुषों को खतरा ज्यादा
दुनिया के प्रतिष्ठित साइंस जर्नल लेसेंट की रिपोर्ट के मुताबिक वैसे तो हाइपरटेंशन की समस्या महिला और पुरुष दोनों में होती है, लेकिन महिलाओं की तुलना में पुरुषों में हाइपरटेंशन की समस्या अधिक होती है। खासकर हाइपरटेंशन की समस्या 50 साल से अधिक उम्र के लोगों में ज्यादा होती है।
आखिर क्या होता है उच्च रक्तचाप
दून अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक एवं वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. केसी पंत के मुताबिक सामान्य व्यक्ति का रक्तचाप अधिकतम 120 और न्यूनतम 80 होता है, लेकिन किसी भी व्यक्ति का अधिकतम रक्तचाप 140 से अधिक और न्यूनतम 90 से अधिक हो जाए तो ऐसे व्यक्ति को उच्च रक्तचाप से ग्रसित व्यक्ति की श्रेणी में रखा जाता है।
प्याज, दही, अखरोट, हरा धनिया का करें इस्तेमाल
खानपान विशेषज्ञों की मानें तो यदि कोई भी स्वस्थ व्यक्ति अपने खानपान में प्याज, आलू के साथ ही दही का इस्तेमाल करता है। अखरोट, हरा, धनिया का इस्तेमाल करें तो ऐसे व्यक्ति को हाइपरटेंशन का खतरा बेहद कम हो जाता है। प्रोटीनयुक्त भोजन लेने के साथ ही राइबोफ्लेविन, विटामिन बी, विटामिन सिक्स के इस्तेमाल से हाइपरटेंशन का खतरा बेहद कम हो जाता है।
क्या करें क्या ना करें
- बेवजह किसी तरह का तनाव ना पालें। तनाव होने से शरीर की रक्त वाहिकाएं संकुचित हो जाती हैं और होंठ पर दबाव पड़ने से उच्च रक्तचाप का खतरा बढ़ जाता है।
- शराब और धूम्रपान का सेवन कतई न करें। धूम्रपान और शराब का अधिक सेवन से इसका सीधा असर फेफड़ों और हार्ट पर पड़ता है। ऐसे में उच्च रक्तचाप का खतरा बढ़ जाता है।
- बीमारी से बचने को लेकर नियमित व्यायाम करें, सकारात्मक सोच रखें और अनियंत्रित जीवनशैली से बचें।