रुड़की: स्वाइन फ्लू से एक और महिला की मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्वाइन फ्लू का प्रकोप कम होता नजर नहीं आ रहा है। रुड़की के बाद अब लक्सर में भी स्वाइन फ्लू से एक महिला की मौत हो गई है। महिला की मौत के बाद से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप की स्थिति बनी है।
लक्सर क्षेत्र के अकोढ़ा गांव निवासी सविता पत्नी विनोद कुमार को दो दिन पहले अचानक बुखार आ गया। परिजन उसे उपचार के लिए प्राइवेट अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सक ने महिला में स्वाइन फ्लू के लक्षण की बात कहते हुए उसे हायर सेंटर ले जाने की बात कही।
परिजन महिला को जौलीग्रांट ले गए। उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई है। महिला के पति ने बताया चिकित्सकों ने स्वाइन फ्लू से मौत होना बताया।
बता दें स्वाइन फ्लू से मौत का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले एक रुड़की के पनियाला गांव निवासी एक महिला की भी स्वाइन फ्लू से मौत हो चुकी है। जबकि करीब छह लोगों में स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हो चुकी है। जो उपचार के बाद ठीक हो चुके हैं।
ठंड बढ़ने से बढ़ा फ्लू का खतरा
बुधवार को हुई रिमझिम बारिश से मौसम में एक बार फिर ठंडक आ गई। इसी के साथ स्वाइन फ्लू के फैलने की भी आशंका बढ़ गई है। पिछले कुछ दिनों से लगातार पारा बढ़ रहा था। इससे स्वाइन फ्लू का प्रकोप कम होने की उम्मीदें बढ़ गई है।
30 डिग्री पर हो जाता है खत्म
चिकित्सकों के मुताबिक 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक होने पर स्वाइन फ्लू का वायरस खत्म हो जाता है। लगातार पारा बढ़ने से तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया था। लेकिन बुधवार को हुई रिमझिम बारिश से तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सोशल साइट पर भी छाया स्वाइन फ्लू
स्वाइन फ्लू से लोग इस कदर डरे हैं कि सोशल साइट पर स्वाइन फ्लू ही नजर आ रहा है। स्वाइन फ्लू से कैसे बचा जाए, इसका कैसे उपचार करें, क्या खाएं और क्या न खाएं आदि नुस्खे फेसबुक और व्हाट्स पर वायरल हो रहे हैं।