शराबियों पर बिफरीं महिलाएं, बिच्छू घास से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चमोली के घाट ब्लॉक के कांडई पुल बाजार में महिलाओं ने शराब के विरुद्ध अभियान चलाकर शराब के नशे में धुत्त लोगों को बिच्छू घास से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
एक सप्ताह पूर्व कांडई पुल के समीप विदेशी मदिरा की दुकान को खोलने का महिलाओं ने पुरजोर विरोध किया था। तब से महिलाएं क्षेत्र में शराब के विरोध में आंदोलन चलाए हुए हैं।
सोमवार शाम को महिलाओं ने कांडई पुल के इर्द-गिर्द जिस भी व्यक्ति को शराब के नशे में पाया, उन्हें बिच्छू घास से दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। महिलाओं ने कांडई पुल बाजार के व्यवसायियों से भी लिखित पत्र मांगा कि किसी भी व्यक्ति को शराब के नशे में पनाह नहीं दी जाएगी और न ही क्षेत्र में विदेशी शराब की दुकान खोलने के लिए अपने भवन किराए पर दिए जाएंगे।
नशे में दिखे तो मिलेगा कड़ा दण्ड
जिला पंचायत सदस्य माहेश्वरी कन्याल और लक्ष्मी जोशी ने कहा कि क्षेत्र में किसी भी सूरत में शराब की दुकान खुलने नहीं दी जाएगी। जो भी व्यक्ति क्षेत्र में शराब के नशे में मिला, उसे बिच्छू घास से दंडित किया जाएगा।
महिलाओं ने शराब विरोधी मुहिम को सफल बनाने के लिए डीएम से भी सहयोग मांगा। उन्होंने मांग की कि जिला आबकारी विभाग के अधिकारियों की क्षेत्र में नियमित गश्त लगवाई जाए।
इस दौरान सामाजिक कार्यकर्ता सिद्धार्थ शंकर, क्षेत्र पंचायत सदस्य दीपा देवी, मालदत्त पुरोहित, खटगोली की प्रधान शांति देवी और संतोषी देवी आदि मौजूद थे।
यह होती है बिच्छू घास
बिच्छू घास पहाड़ पर पाई जाने वाली एक प्रकार की घास है। यह अगर शरीर के किसी अंग से छू जाय तो उस जगह पर बहुत तेज खुजली होने लगती है। इसकी सब्जी भी बनाई जाती है तथा इसका प्रयोग औषधि बनाने में किया जाता है।