क्षेत्र के ग्राम होरावाला में एक कच्चे मकान में आग लगने से घर का सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। मकान स्वामी ने बताया कि उसकी दो पुत्रियों के विवाह के लिए जोड़ा गया सारा सामान भी आग में स्वाह हो गया।
होरावाला निवासी मतलूब हसन पुत्र रशीद अहमद के कच्चे मकान में मंगलवार की रात लगभग 12 बजे आग लग गई। आग लगने की सूचना पाकर मौके पर एकत्रित हुए ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। इस बीच सूचना पाकर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने ग्रामीणों की मदद से कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पीड़ित ग्रामीण ने बताया कि उसने अपनी दो पुत्रियों के विवाह के लिए पिछले काफी समय से कपड़े व अन्य जरूरी सामान जमा किया हुआ था, जो आग में जलकर राख हो गया। उधर, आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। विकासनगर के उप जिलाधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि आग से हुए नुकसान के आकलन के लिए राजस्व कर्मचारियों को मौके पर भेजा जाएगा। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।