राष्ट्रपति की मौजूदगी में खुलेंगे केदारनाथ के कपाट!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सुरक्षित उत्तराखंड का संदेश देने के लिए केदारनाथ में राष्ट्रपति और अन्य वीआईपी को भी आमंत्रित करने का मन बनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री हरीश रावत का कहना है कि चार धाम यात्रा पूरी तरह से सुरक्षित है।
शीतकाल यात्रा में करीब 27 हजार यात्री आए जिससे जाहिर हो रहा है कि सड़कों की हालत बेहतर है। अब वे खुद भी सड़क मार्ग से यात्रा कर सड़कों की स्थिति का जायजा लेंगे।
केदारनाथ के कपाट 24 अप्रैल को खुल रहे हैं। ऐसे में इस बार चार धाम यात्रा अप्रैल माह में ही शुरू हो जाएगी। बुधवार को मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि चार धाम यात्रा पूरी तरह से सुरक्षित है। प्रदेश सरकार की कोशिश होगी कि केदारनाथ में कपाट खुलने पर राष्ट्रपति और अन्य विशिष्ट व्यक्तियों को भी आमंत्रित किया जाए।
सुरक्षित उत्तराखंड का संदेश देने के लिए अन्य प्रदेशों में भी प्रचार किया जा रहा है । चार धाम यात्रा मार्ग को नए सिरे से ठीक किया जा रहा है। अधिकारियों से यह भी कह दिया गया है कि यात्रा मार्ग को किसी भी सूरत में अवरुद्ध न होने दिया जाए। जरूरत पड़ने पर लोक निर्माण विभाग और अन्य संस्थाओं की पर्याप्त फोर्स मौजूद रहे।
पोकलैंड मशीनों की एसेंबलिंग शुरू
केदारनाथ धाम में पहुंचाई गई पोकलैंड मशीनों की एसेंबलिंग का कार्य शुरू हो गया है। इन मशीनों से पुनर्निर्माण के दूसरे चरण का कार्य शुरू किया जाना है। मंदाकिनी और सरस्वती नदी के संगम पर घाटों का निर्माण, निजि भवनों का ध्वस्तीकरण, मंदाकिनी नदी की सफाई सहित अन्य कार्य इन मशीनों की मदद से किए जाएंगे।
मंगलवार शाम को सोनप्रयाग से टाटा कंपनी के मैकेनिक धाम पहुंच गए थे। बुधवार सबेरे से ही उन्होंने मंदिर के पीछे हेलीपैड पर बने एसेंबल हॉल में कंपनी की दो पोकलैंड मशीनों के पुर्जों को एसेंबल करने का कार्य शुरू किया।
मशीनों को एसेंबल करने में कम से कम दो दिन का समय लग सकता है जबकि कैट कंपनी एक अन्य मशीन का एसेंबल के लिए संबंधित कंपनी के मैकेनिक भी संभवत: इस सप्ताह धाम पहुंचेंगे।
विदित हो कि बीते जनवरी माह में भारतीय वायु सेना के एमआई-26 से 125 टन की विभिन्न भारी मशीनों को गौचर हवाई पट्टी से केदारनाथ पहुंचाया गया। जेसीबी और हाइड्रा मशीन को तो उसी समय मैकेनिक द्वारा एसेंबल किया गया था।
हेलीकॉप्टर ने 12 कुंतल राशन पहुंचाया
हेलीकॉप्टर से केदारनाथ में राशन पहुंचाने का कार्य बुधवार को भी जारी रहा। हेलीकॉप्टर ने 6 चक्कर में चीनी, चावल, सब्जी और रिफाइंड सहित 12 कुंतल सामग्री पहुंचाई। धाम में पहले ही 30 अप्रैल तक का राशन स्टोर किया जा चुका है।