Uttarakhand Weather : प्रदेश में 22-23 जून को दस्तक दे सकता है मानसून, ज्यादातर क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश में 22 या 23 जून को मानसून दस्तक दे सकता है। 22 से 25 जून तक प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को राज्य मौसम केंद्र को यह जानकारी भेजी है।
स्थानीय मौसम केंद्र के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण कई इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। विशेषकर कुमाऊं मंडल के ज्यादातर जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। गढ़वाल मंडल में भी बारिश होने की संभावना है।
मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि सामान्य तौर पर उत्तराखंड में 21 जून को मानसून पहुंचता है। केंद्रीय मौसम विभाग ने इसमें एक-दो दिन की देर होने की संभावना जताई है। हालांकि इस दौरान कई जगह तेज बौछारों के साथ भारी बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि 22 से 25 जून तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है।
धारचूला, बेड़ीनाग में मूसलाधार बारिश, छह सड़कें बंद
शनिवार को पिथौरागढ़ और अन्य पर्वतीय जिलों में झमाझम बारिश हुई। इधर हल्द्वानी में भी दोपहर बाद हुई बारिश से लोगों को गर्मी से निजात मिली। धारचूला और बेड़ीनाग में शनिवार को मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। बारिश से जिले में छह सड़कें बंद हो गईं।
धारचूला में 47.20 एमएम, बेड़ीनाग में 23.50, डीडीहाट में 9.50, मुनस्यारी में 7.00 और गंगोलीहाट में 2.70 एमएम बारिश हुई। बारिश के कारण तवाघाट-घटियाबगड़, बलुवाकोट- पय्यापौड़ी, मदकोट- दारमा, मसूरी-कांडा होकरा, बांसबगड़-माणी धामी, नाचनी-भैसकोट बंद हो गईं हैं। सड़क बंद होने से दो हजार से अधिक की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ा।
काली नदी खतरे के निशान से दो मीटर, जबकि जौलजीबी में गोरी नदी खतरे के निशान से चार मीटर नीचे बह रही है। अतिवृष्टि से थल में बरड़ गांव में गधेरे का पानी घुसने से मछली तालाब ध्वस्त हो गया। बनबसा में पिछले 24 घंटों में 33 मिमी बारिश दर्ज की गई।
यूपी सिंचाई विभाग के बनबसा स्थित शारदा हेडवर्क्स के एसडीओ बृजेश मौर्य ने बताया कि शारदा का जलस्तर शनिवार को दोपहर बारह बजे 40006 क्यूसेक था, जबकि सुबह छह बजे नदी का जलस्तर 29462 क्यूसेक था। नैनीताल में शनिवार को दिनभर मौसम बदलता रहा। कभी बादल छाए तो कभी तेज धूप खिली। दोपहर में उमस बढ़ने पर लोगों को परेशानी हुई।