उत्तराखंड: आज चार जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, यमुनोत्री हाईवे बंद, नदियों का जलस्तर बढ़ा
- प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी हो सकती है हल्की से मध्यम बारिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के चार जिलों में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। साथ ही प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार जताए हैं। अलर्ट के बाद शनिवार देर रात से ही राजधानी देहरादून समेत प्रदेशभर के अनेक हिस्सों में रुक-रुककर हल्की बारिश भी हो रही है।
मौसम विभाग के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि रविवार को नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर में अनेक स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। सुबह से ही गढ़वाल से लेकर कुमाऊं तक पहाड़ी इलाकों में बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की है।
यमुनोत्री हाईवे बंद, अलकनंदा और पिंडर नदी का जलस्तर बढ़ा
उत्तरकाशी जिले में सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं। बीच-बीच में हल्की धूप खिल रही है। वहीं, यमुनोत्री हाईवे देर रात ओरक्षा बैंड के पास से मलबा आने से बंद हो गया है। वहीं, अभी तक हाईवे खोलने का प्रयास शुरू नहीं हो सका हैं। हाईवे पर दोनों ओर वाहन फंसे हुए हैं।
उधर, कर्णप्रयाग सहित आसपास के क्षेत्रों में शनिवार रात से ही बारिश जारी है। चारों तरफ कोहरा छाया हुआ है। अलकनंदा और पिंडर नदी का जलस्तर भी बढ़ा है। ग्रामीण क्षेत्रों में पैदल रास्ते और संपर्क मार्गों पर पत्थर गिर रहे हैं।
वहीं, बदरीनाथ हाईवे पर भी जगह-जगह पानी और कीचड़ जमा हो गया है। इससे पैदल चलने वालों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा आदिबदरी, गैरसैण, नारायणबगड़, थराली व देवाल लंगांसू, सिमली, नौली, बगोली, नैनीसैन, नोटी, नंदासेन आदि क्षेत्रों में भी बारिश हो रही है।