Uttarakhand Weather: पहाड़ से मैदान तक भारी बारिश से आफत, भूस्खलन से प्रदेश में 183 सड़कें बंद
Uttarakhand Weather News: अगले चार दिन प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय इलाकों के साथ मैदानी इलाकों में भी भारी बारिश की संभावना है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड में शुक्रवार को पहाड़ से मैदान तक बारिश ने परेशानी खड़ी कर दी। एक तरफ जहां बारिश ने गर्मी से राहत दी है वहीं दूसरी तरफ भूस्खलन से सड़कें बंद हैं। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण प्रदेश में 183 सड़कें बंद हैं। अब तक लोक निर्माण विभाग ने अवरुद्ध 90 सड़कों में से 64 को यातायात के लिए खोल पाया है। भारी बारिश के चलते बुधवार को सड़कों को खोलने के काम में दिक्कत आई।
प्रदेश में भारी बारिश के चलते भूस्खलन और पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण सड़कें अवरुद्ध हो रही हैं। कई जगह बरसाती नालों के उफान पर आने से भी सड़कें बाधित हो रही हैं। प्रमुख अभियंता लोनिवि दीपक यादव ने बताया कि प्रदेश में शुक्रवार देर शाम तक 183 सड़कें बंद थीं, जिन्हें खोलने के लिए मौके पर 154 जेसीबी, पोकलेन, चेन डोजर आदि मशीनों को लगाया गया है। बंद सड़कों में 12 स्टेट हाईवे, नौ जिला मुख्य जिला मार्ग, एक अन्य जिला मार्ग, 71 ग्रामीण सड़कें और 90 पीएमजीएसवाई की सड़कें शामिल हैं।
भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सात से दस जुलाई तक प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना है। केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया, अगले चार दिन प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय इलाकों के साथ मैदानी इलाकों में भी भारी बारिश की संभावना है।
बिपरजॉय के चलते जून में कम बरसे मेघ
बीते महीने जून में देश के कई हिस्सों में आए चक्रवाती तूफान बिपरजॉय का असर भले ही उत्तराखंड में देखने को न मिला हो, लेकिन इसके चलते बारिश जरूर कम हुई है। उत्तराखंड में लगातार दूसरे साल जून में बारिश का आंकड़ा सामान्य से नीचे रहा। इस साल जून में 152.4 एमएम बारिश हुई, जो सामान्य से 24.4 एमएम कम है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अरब सागर के ऊपर आए भीषण चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के चलते झोंकेदार हवाएं चलीं और प्री-मानसून में अच्छी बारिश हुई, लेकिन 25 जून के बाद औपचारिक तौर पर उत्तराखंड में आए मानसून में पूरे महीने में बीते सालों के मुकाबले कम बारिश हुई। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि इस बार जून में बारिश का आंकड़ा सामान्य से नीचे रहा। तूफान के चलते उत्तराखंड में कई दिनों तक झोंकेदार हवाएं चली। इजिसके चलते जून के तापमान में खासी बढ़ोतरी देखने को नहीं मिली।