UK Top News: केदारनाथ यात्रा तीन घंटे रोकी, हेमकुंड साहिब के कपाट बंद, हरिद्वार में जाम, हरीश रावत की दो टूक
उत्तराखंड में केदारनाथ पैदल मार्ग पर मलबा आने से यात्रियों की आवाजाही तीन घंटे बाधित रही, वहीं बर्फबारी के बीच हेमकुंड साहिब के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो गए। पितृ अमावस्या पर हरिद्वार में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से हाईवे पर जाम लगा, तो सीएम धामी और असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। इस बीच हरीश रावत के बयान और हरिद्वार में महिला एएसआई की रिश्वत लेते गिरफ्तारी ने आज की बड़ी खबरें रहीं।
विस्तार
केदारनाथ पैदल मार्ग पर मलबा आने से तीन घंटे रोकी गई यात्रियों की आवाजाही
केदारनाथ पैदल मार्ग पर चीरबासा में मलबा और पत्थर आने से शनिवार सुबह छह से नौ बजे तक यात्रियों की आवाजाही रोकनी पड़ी। सुरक्षा के मद्देनजर गौरीकुंड और सोनप्रयाग में यात्रियों को रोका गया। सुबह नौ बजे मार्ग खुलने के बाद आवाजाही सुचारु करा दी गई। बीते दिन हुई तेज बारिश के बाद रात में चीरबासा में मलबा आने से पैदल मार्ग अवरुद्ध हो गया था। सुबह मार्ग की स्थिति का जायजा लेने के बाद प्रशासन ने यात्रियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। मार्ग खुलने पर केदारनाथ से लौट रहे और धाम की ओर जा रहे यात्रियों को सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में चीरबासा के संवेदनशील हिस्से से आर-पार कराया गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने चीरबासा सहित पूरे पैदल मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि आपदा की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों का विस्तृत आकलन किया जाएगा। सोनप्रयाग कोतवाली प्रभारी सुरेश चंद्र बलूनी ने बताया कि मार्ग खुलने के बाद यात्रियों की आवाजाही शुरू करा दी गई। ये भी पडे़ं...केदारनाथ पैदल मार्ग: चीरबासा में मलबा आने से तीन घंटे थमी आवाजाही, गौरीकुंड और सोनप्रयाग में रोके गए यात्री
बर्फबारी के बीच हेमकुंड साहिब के कपाट बंद, अंतिम अरदास में शामिल हुए हजारों श्रद्धालु
सिखों के पवित्र तीर्थ हेमकुंड साहिब के कपाट शनिवार को साल की अंतिम अरदास के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस वर्ष धाम में रिकॉर्ड 3,84,573 से अधिक श्रद्धालुओं ने मत्था टेका। कपाट बंद होने के ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए करीब चार हजार श्रद्धालु मौजूद रहे। पाकिस्तान से आए 40 सदस्यीय सिख श्रद्धालुओं के जत्थे ने भी इस अवसर पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।बर्फबारी के बाद सफेद चादर में लिपटे धाम तक श्रद्धालु बर्फीले रास्तों से पहुंचे और अंतिम अरदास में शामिल हुए। शनिवार को कपाट बंद होने से एक दिन पहले शुक्रवार को हेमकुंड साहिब में जमकर बर्फबारी हुई, जिससे पूरा धाम बर्फ की सफेद चादर से ढक गया। सीजन की अंतिम अरदास के साथ कपाट बंद करने की प्रक्रिया पूरी हुई। श्रद्धालुओं को बर्फ से ढके हेमकुंड साहिब के मनमोहक नजारे का दीदार करने का मौका भी मिला। ये भी पढे़ं...हेमकुंड साहिब के कपाट बंद: बर्फबारी के बीच साल की अंतिम अरदास, ऐतिहासिक पल के साक्षी बने श्रद्धालु, तस्वीरें
हरिद्वार में सीएम हेमंत बिस्वा सरमा ने की पूजा, राहुल गांधी पर साधा निशाना
असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा ने हरिद्वार के प्रसिद्ध नारायणी शिला मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों से वह नारायणी शिला मंदिर में पूजा-अर्चना करने आ रहे हैं। यहां आकर उन्हें असीम शांति की अनुभूति होती है। शनिवार को भी उन्होंने मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। मीडिया से बातचीत के दौरान हेमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा और राष्ट्रपति व सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के पास जाने के सवाल पर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति देश के राष्ट्रपति हैं, उनसे मिलने कोई भी जा सकता है। इसी तरह सुप्रीम कोर्ट में भी हर दिन हजारों लोग जाते हैं। वहीं, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन को उन्होंने तमाशा बताया। ये भी पढे़ं...हरिद्वार: सीएम हेमंत बिस्वा ने की मंदिर में पूजा-अर्चना, राहुल गांधी पर कसा तंज, दिल्ली आंदोलन को बताया तमाशा
पितृ अमावस्या पर हरिद्वार में उमड़ी भीड़, दिल्ली-देहरादून हाईवे पर लंबा जाम
पितृ अमावस्या के अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार में सुबह से ही लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी है। हरकी पैड़ी सहित विभिन्न गंगा घाटों पर स्नान और पितरों के तर्पण के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने से शहर में यातायात का दबाव बढ़ गया। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते दिल्ली से देहरादून जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुबह से ही लंबा जाम लग गया। इसके कारण स्थानीय लोगों के साथ ही बाहरी राज्यों से हरिद्वार पहुंचे श्रद्धालुओं को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी समय लगा। वहीं, पितरों के निमित्त तर्पण और धार्मिक अनुष्ठान करने के लिए हरिद्वार पहुंच रहे श्रद्धालु भी जाम में फंसे रहे। पितृ अमावस्या पर श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के चलते शहर की यातायात व्यवस्था प्रभावित रही और लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। ये भी पढे़ं... पितृ अमावस्या: पितरों को तर्पण, हरिद्वार में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, दिल्ली-देहरादून हाईवे पर लगा लंबा जाम
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राहुल गांधी की एलन मस्क को लेकर की गई टिप्पणी और एसआईआर के विरोध में हो रहे प्रदर्शनों पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग विदेशी ताकतों के प्रभाव में आकर देश में अव्यवस्था का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा सर्वोपरि है और सभी को निर्धारित नियमों व प्रक्रियाओं का पालन करना चाहिए। सीएम धामी ने कहा कि राहुल गांधी ने एलन मस्क को लेकर जिस तरह की टिप्पणी की है, उससे बहुत कुछ स्पष्ट हो जाता है। उनके मुताबिक, विदेशी कंपनियों और विदेशी व्यक्तियों के साथ मिलीभगत साफ दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि देश में किसी भी तरह का लाइसेंस लेने के लिए निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन करना होगा और सुरक्षा नियमों का अनुपालन अनिवार्य है। सबसे पहले देश की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए, इसके बाद ही अन्य व्यवस्थाओं पर विचार होना चाहिए। ये भी पढे़ं... देहरादून: एलन मस्क पर राहुल की टिप्पणी को लेकर धामी का निशाना, बोले-विदेशी ताकतों के इशारे पर खेल रहे ये लोग
हरीश रावत की दो टूक: लुढ़कते-लुढ़कते, घिसते-घिसते शून्य में मिल सकता हूं, लेकिन टूट नहीं सकता
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा, नेतृत्व में विश्वास और चुनावी हार को लेकर अपनी बात स्पष्ट शब्दों में रखी है। उन्होंने कहा कि यह शाश्वत सत्य है कि पार्टी से बड़ा कोई नहीं होता और नेतृत्व के प्रति आस्था लोकतंत्र को शक्ति देती है। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा पार्टी को बड़ा माना और नेतृत्व के प्रति अटूट आस्था रखी। हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर साझा की गई पोस्ट में लिखा कि वर्ष 2002 और वर्ष 2012 से कठिन उनकी कोई परीक्षा नहीं हो सकती थी। उस परीक्षा में भी वह अटूट रूप से पार्टी के साथ खड़े रहे और उसके झंडे को ऊंचा उठाए रखा। उन्होंने कहा कि पार्टी ने केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री बनाकर उन्हें इसका पुरस्कार भी दिया। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य पार्टी हित होना चाहिए। वह अपने कलमी भाइयों और राजनीतिक दोस्तों को स्पष्ट बताना चाहते हैं कि जिस क्षण उन्हें लगेगा कि वह पार्टी के लिए भार हो रहे हैं या उनसे कहा जाएगा कि वह घर बैठ जाएं, तो वह बिना पलक झपकाए आदेश का पालन करेंगे। मगर किसी को तो सही आकलन करना पड़ेगा। उन्होंने आशंका जताई कि ऐसा न हो कि वह खुद कोई फैसला ले लें और बाद में उनके कुछ दोस्तों को यह लिखना पड़े कि हरीश रावत के इस फैसले ने पार्टी की संभावनाओं को कमजोर किया है।
हरिद्वार में 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते महिला एएसआई गिरफ्तार, समझौता कराने के नाम पर मांगी थी रकम
सतर्कता विभाग की टीम ने शनिवार को रानीपुर थाने में तैनात महिला एएसआई सोनिया को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोप है कि एएसआई ने दो पक्षों के बीच लेनदेन के विवाद में समझौता कराकर मामला निपटाने के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत मांगी थी। सतर्कता विभाग के मुताबिक, टोल फ्री नंबर 1064 पर शिकायत मिली थी कि रानीपुर थाने में तैनात एएसआई शिकायतकर्ता के पक्ष में मामला निपटाने के लिए 10 हजार रुपये की मांग कर रही हैं। शिकायत की जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता, सेक्टर देहरादून ने ट्रैप टीम गठित की। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। शनिवार को सतर्कता विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए एएसआई सोनिया को शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। ये भी पढे़ं...उत्तराखंड: लुढ़कते-लुढ़कते, घिसते-घिसते शून्य में मिल सकता हूं, लेकिन टूट नहीं सकता, हरीश रावत की दो टूक