उत्तराखंड: पंतनगर के रनवे पर विमान फिसलने का कोई खतरा नहीं, स्विट्जरलैंड से आए वाहन ने की घर्षण की जांच
- दिल्ली से पहुंचे आधुनिक वाहन ने की विमान लैंडिंग के दौरान घर्षण की जांच
विस्तार
स्विट्जरलैंड से आयातित आधुनिक वाहन शुक्रवार को पंतनगर एयरपोर्ट पहुंचा। जिससे विमान लैंडिंग के दौरान पैदा होने वाले घर्षण की जांच की गई। इसमें पंतनगर एयरपोर्ट का रनवे विमानों की लैंडिंग एवं उड़ान भरने के एकदम उपयुक्त पाया गया है। अब यह हाईटेक वाहन मुरादाबाद में नवनिर्मित एयरपोर्ट रन-वे की जांच के लिए भेजा जाएगा।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) वर्ष में दो बार अपने हवाई अड्डों पर विमान लैंडिंग के दौरान होने वाले घर्षण की रूटीन जांच करवाता है। हाल ही में केरल के कोझिकोड में विमान के रनवे पर फिसलने से एक बड़ा हादसा हो गया था।
इससे सबक लेते हुए एएआई ने अपने सभी हवाई अड्डों के रनवे की फ्रिक्शन जांच कराने का फैसला लिया है। शुक्रवार को पंतनगर पहुंचे स्विटजरलैंड से आठ करोड़ 60 लाख रुपये में आयातित आधुनिक वाहन ने विभिन्न गतियों (50 से 450 किमी प्रति घंटा) में विमान लैंडिंग के दौरान पैदा होने वाले घर्षण की जांच की।
चार सदस्यीय तकनीकी दल भी पंतनगर पहुंचा
एयरपोर्ट डायरेक्टर एसके सिंह ने बताया कि यह आधुनिक वाहन सड़क मार्ग से न आकर एक बड़े ट्रक से लाया गया था। जिसके साथ अन्य वाहन से चार सदस्यीय तकनीकी दल भी पंतनगर पहुंचा।
इस दल में मौजूद वरिष्ठ अधीक्षक तकनीकी प्रदीप कुमार, सहायक प्रबंधक तकनीकी विक्रम सिंह, पर्यवेक्षक ऑटो इलेक्ट्रीशियन कुलदीप सिंह व अन्य थे। टीम ने पाया कि 1300 मीटर रनवे के मध्य रेखा की जांच में तीन मीटर में ओवरऑल फ्रि क्शन वैल्यू 0.66 और छह मीटर में ओवरऑल फ्रि क्शन वैल्यू 0.72 पाई गई। जो एटीआर-72 जैसे विमानों की लैंडिंग व उड़ान भरने के एकदम उपयुक्त है। बताया कि रनवे की एक बार फ्रि क्शन जांच में लगभग 12 लाख रुपये का खर्च आता है।