उत्तराखंड: प्रदेश में एक फरवरी से खुलेंगे स्पोर्ट्स कॉलेज, कोविड नियमों का किया जाएगा पालन
उत्तराखंड के खेल एवं शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने कहा कि प्रदेश में एक फरवरी से स्पोर्ट्स कॉलेज खुलेंगे। गुरुवार को खेल सचिव को इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं। मंत्री ने कहा कि खेल सचिव बृजेश संत के साथ हुई बैठक में स्पोर्ट्स कॉलेजों को खोले जाने पर चर्चा के बाद निर्णय लिया गया कि एक फरवरी से कॉलेजों को खोला जाएगा।
खेल मंत्री ने कहा कि कोरोना के संबंध में नई एसओपी का अध्ययन कर नियमों के अनुसार स्पोर्ट्स कॉलेजों को खोले जाने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान कोविड के मानकों का पूरी तरह से पालन किया जाएगा। प्रदेश में एक देहरादून और एक हल्द्वानी में स्पोर्ट्स कॉलेज है।
30 जनवरी की बैठक में आ सकता है प्रस्ताव
प्रदेश में स्कूल खोले जाने को लेकर अब तक तिथि तय नहीं हो पायी है। वहीं इस संबंध में अब तक एसओपी भी जारी नहीं हुई। शिक्षा सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम ने कहा कि 30 जनवरी को कैबिनेट की बैठक होनी है। प्रस्ताव के कैबिनेट की बैठक में आने के बाद ही स्कूल खुलने की तिथि तय होगी। शिक्षा सचिव ने कहा उच्च स्तर से यह निर्णय लिया जाना है।
कैबिनेट में विधानसभा के बजट सत्र पर भी हो सकता है निर्णय
30 जनवरी को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में होने वाली इस बैठक में राज्य सरकार विधानसभा के बजट सत्र को निर्णय ले सकती है। मुख्यमंत्री पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि इस बार का बजट सत्र गैरसैंण (भराड़ीसैंण) विधानसभा में होगा। इसके अलावा राज्य सरकार कैबिनेट में महिलाओं को भू अधिकार कानून में संशोधन के प्रस्ताव पर निर्णय ले सकती है। इस संबंध में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित कमेटी को अपनी रिपोर्ट कैबिनेट को देनी है। इसके अलावा विभिन्न विभागों से जुड़े मसलों पर चर्चा होगी।
गैरसैंण का दौरा करेगी उच्च स्तरीय कमेटी
ग्रीष्मकालीन राजधानी के मास्टर प्लान को तैयार करने को लेकर गठित उच्च स्तरीय समिति इस माह के आखिर में गैरसैंण का दौरा करेगी। मुख्य सचिव की अध्यक्षता में गठित कमेटी को मास्टर प्लान तैयार करना है। मुख्यमंत्री ने यह कमेटी गठित की है।