फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   Uttarakhand Political Crisis: Tirath Singh Rawat may Announce for Resign from Chief Minister Post Today

उत्तराखंड: सीएम तीरथ सिंह रावत ने दिया इस्तीफा, आज होगी विधायक दल की बैठक

Sat, 03 Jul 2021 12:25 AM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून Published by: अलका त्यागी Updated Sat, 03 Jul 2021 12:25 AM IST
सार

बता दें कि सीएम तीरथ सिंह रावत ने आज ही दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से इस्तीफे की पेशकश की थी।

विज्ञापन
Uttarakhand Political Crisis: Tirath Singh Rawat may Announce for Resign from Chief Minister Post Today
सीएम तीरथ सिंह रावत - फोटो : एएनआई

विस्तार

उत्तराखंड में चार महीने के अंदर ही सरकार को नया नेतृत्व मिलने जा रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशों के बाद सीएम तीरथ सिंह रावत ने शुक्रवार देर रात राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को इस्तीफा सौंप दिया। इससे पहले दिल्ली में तीरथ ने सांविधानिक संकट का हवाला देते हुए खुद पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा को लिखे पत्र में पद छोड़ने की इच्छा जताई थी। 

विज्ञापन


मुख्यमंत्री रावत को बुधवार को अचानक दिल्ली तलब किए जाने के बाद से ही सियासी कयासबाजी जोरों पर थी। बुधवार देर रात ही उनकी मुलाकात नड्डा और गृहमंत्री अमित शाह से हुई थी। बृहस्पतिवार को उन्हें देहरादून लौटने से रोक दिया गया था। मसला रावत के उपचुनाव को लेकर अटका हुआ था, जिनके आयोजन में जनप्रतिनिधित्व कानून के तहत विधानसभा का कार्यकाल एक साल से कम बचे होने की बाधा थी।
विज्ञापन


शुक्रवार को रावत दोबारा नड्डा से मिले। इस आधे घंटे की मुलाकात में उन्हें सांविधानिक संकट का हवाला देते हुए इस्तीफा देने का निर्देश दिया गया। इसके बाद तीरथ रावत ने नड्डा को पत्र लिख कर इस्तीफे का प्रस्ताव रखा। फिर दून लौटे तीरथ सिंह रावत ने प्रेस वार्ता की, लेकिन उसमें महज अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाकर चले गए। मीडियाकर्मियों के इस्तीफे के बारे में पूछने पर उन्होंने चुप्पी साध ली। फिर रात करीब सवा ग्यारह बजे वो राजभवन पहुंचे और राज्यपाल बेबी रानी मौर्य को इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संकट को देखते हुए मुझे लगा कि मेरे लिए इस्तीफा देना सही है। मैं केंद्रीय नेतृत्व और पीएम मोदी का शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मुझे सीएम बनने का मौका दिया था। 
विज्ञापन
विज्ञापन


प्रेसवार्ता कर सबको चौंकाया
इससे पहले सीएम ने रात करीब दस बजे प्रेसवार्ता कर सबको चौंका दिया था। अटकलें थीं कि सीएम तीरथ प्रेसवार्ता में अपने पद से इस्तीफे का एलान कर सकते हैं। लेकिन इस दौरान उन्होंने बाकी किसी भी राजनीतिक मुुद्दे पर बोलने की बजाय अपनी सरकार के काम गिनाए। अब शनिवार को देहरादून में बीजेपी विधायक दल की बैठक आयोजित की जाएगी। सभी भाजपा विधायकों को 11 बजे तक बैठक में पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने कोविड को लेकर राहत देने के लिए कई अहम कदम उठाए हैं। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, विद्यालयी शिक्षा, संस्कृति एवं सूचना और पर्यटन समेत कई क्षेत्रों में सहायता दी गई है। बड़ी संख्या में प्रदेश में रोजगार के लिए अवसर पैदा किए गए हैं। राजकीय विभागों में सीधी नियुक्ति के प्रयास किए गए हैं। कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों के लिए निशुल्क किताबें देने की योजना तैयार की गई है। 

उत्तराखंड: सीएम बनने के बाद इन विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रहे तीरथ सिंह रावत, खूब हुई थी फजीहत

विधायक दल की बैठक आज केंद्रीय मंत्री तोमर रहेंगे पर्यवेक्षक
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि शनिवार दोपहर तीन बजे प्रदेश पार्टी कार्यालय में भाजपा विधायक मंडल दल की बैठक होगी। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र्र सिंह तोमर बतौर पर्यवेक्षक मौजूद रहेेंगे। विधायक दल से ही नेता चुने जाने की संभावना है। सूत्रों का कहना है कि भाजपा के आंतरिक सर्वे में पाया गया कि तीरथ के चेहरे के सहारे चुनाव जीतना मुश्किल है। यह डर भी था कि अगर तीरथ उपचुनाव में हार गए तो बड़ा नुकसान होगा।

एक बार फिर नए नाम भी आने लगे सामने

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की विदाई तय होने के साथ ही सियासी हलकों में सबकी निगाहें उस चेहरे को तलाशने में लग गई हैं जिसके सिर प्रदेश की सत्ता का ताज सजेगा। भाजपा विधायक मंडल दल की बैठक में सीएम पद के दावेदार का नाम तय होना है। सियासी हलकों में जिन विधायकों के नाम तैर रहे हैं, उनमें कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत, राज्यमंत्री डॉ.धन सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री बिशन सिंह चुफाल, पुष्कर सिंह धामी के नाम चर्चाओं में हैं। महिला दावेदार के रूप में पार्टी विधायक व पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी की पुत्री ऋतु खंडूड़ी व राज्यमंत्री रेखा आर्य के नाम भी लिए जा रहे हैं। सियासी जानकार का कहना है कि सीएम पद के दावेदारों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ.रमेश पोखरियाल निशंक और राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी को मजबूत दावेदारों के तौर पर देखा जा रहा है। वहीं तीरथ से पहले सीएम रहे त्रिवेंद्र सिंह रावत को दोबारा सत्ता सौंपने की भी चर्चाए तेज हैं।

सीएम बनने वाले पांचवें सांसद थे तीरथ
आपको बता दें कि तीरथ रावत से पहले भी चार सांसद उत्तराखंड के सीएम बन चुके हैं। इनको विधानसभा सदस्य बनने के लिए बाद में उपचुनाव लड़ना पड़ा था। इस परंपरा की शुरुआत 2002 में तत्कालीन सीएम एनडी तिवारी ने की थी।

वह नैनीताल से लोकसभा के सांसद थे। सीएम बनने के बाद उन्होंने रामनगर विधानसभा सीट से उपचुनाव जीता था। इसी तरह पौड़ी गढ़वाल से ही सांसद रह चुके भुवन चंद्र खंडूड़ी राज्य का सीएम बनने के बाद धूमाकोट से विधायक बने।

इसके बाद टिहरी से सांसद विजय बहुगुणा जब कांग्रेस की ओर से सीएम बने तो उन्होंने सितारगंज से विधानसभा का चुनाव जीता था। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत जब सीएम बने तब उन्होंने धारचूला से विधानसभा का चुनाव जीता था। उनके लिए पार्टी के ही विधायक हरीश धामी ने सीट छोड़ी थी।

अब तक बनाए गए मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री                                    कार्यकाल 

नित्यानंद स्वामी                    09 नवंबर 2000 से 29 अक्तूबर 2001
भगत सिंह कोश्यारी              30 अक्तूबर 2001 से 01 मार्च 2002
एनडी तिवारी                       02 मार्च 2002 से 07 मार्च 2007
भुवन चंद्र खंडूरी                   08 मार्च 2007 से 23 जून 2009 (11 सितंबर 2011 से 13 मार्च 2012 में भी रहे)
रमेश पोखरियाल निंशक        24 जून 2009 से 10 सितंबर 2011        
विजय बहुगुणा                     13 मार्च 2012 से 31 जनवरी 2014
हरीश रावत                         1 फरवरी 2014 से 27 मार्च 2016 / 21 अप्रैल 2016 से 22 अप्रैल 2016 / 11 मई 2016 से 18 मार्च 2017
त्रिवेंद्र सिंह रावत                 18 मार्च 2017 से 09 मार्च 2021
तीरथ सिंह रावत                10 मार्च 2021(मुख्यमंत्री पद की शपथ ली)

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed