मतदाताओं को ढूंढने में प्रत्याशियों के छूट रहे पसीने, इस वजह से खड़ी हुई नई मुसीबत
नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान के तीन दिन शेष रह गए हैं, लेकिन मतदाता सूची में शामिल मतदाताओं के नाम प्रत्याशियों को ढूंढे नहीं मिल रहे हैं। कुछ वोटर अन्य क्षेत्रों में जाकर बस गए हैं तो कुछ लोगों के सूची में फर्जी नाम शामिल है।
नगर निकाय चुनाव की मतदाता सूची में शामिल वोटरों के परिवारों को प्रत्याशियों को तलाशना टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। कुछ नामों के तो फर्जी होने के संकेत मिल रहे हैं, तो कई परिवार हरिद्वार से बाहर शिवालिकनगर क्षेत्र, रुड़की, लक्सर आदि में मिल रहे हैं।
हरिद्वार में किराए पर रहने वाले परिवार भी अब एक-दूसरे क्षेत्र में मिल रहे हैं। ज्वालापुर में रहने वाले वोटर सप्तऋषि में तो भूपतवाला में रहने वाले राजा गार्डन में पहुंच गए हैं। ऐसे में कड़ी मशक्कत कर प्रत्याशी वोटरों की पता तलाशते हैं तो पता चलता है कि दूसरे क्षेत्र में जाकर बस चुके हैं।
कई परिवारों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं
ऐसे में उनतक पहुंचकर अपने पक्ष में वोट देने के लिए प्रेरित करना प्रत्याशियों को बड़ा मुश्किल हो रहा है। ज्वालापुर के वार्ड 36 तेलियान की मतदाता सूची में कई परिवारों के नाम शामिल नहीं हैं।
लोगों ने जिला निर्वाचन अधिकारी से शिकायत करते हुए उनके नाम मतदाता सूची में जोड़ने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि साजिश के तहत उनके नाम सूची से बाहर कराए हैं।
इससे उनके लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपना प्रत्याशी चुनने से रोका गया है। शिकायत करने वालों में सायरा बानो, शराफत मंसूरी, दानिश मंसूरी, बिलकिश, ताहिरा, यसरीन, सत्तार, नसीम पीरजी, नफीस पीरजी आदि शामिल हुए।