उत्तराखंड: सांसद मेनका गांधी के विरोध में उतरे पशु चिकित्सक, अमर्यादित व्यवहार पर जताया एतराज
पशु चिकित्सकों ने मेनका गांधी के खिलाफ नारेबाजी कर काली पट्टी बांध कर विरोध जताया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड राज्य पशु चिकित्सा सेवा संघ ने सांसद मेनका गांधी के पशु चिकित्सकों के प्रति अमर्यादित व्यवहार को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। पशु चिकित्सकों ने मेनका गांधी के खिलाफ नारेबाजी कर काली पट्टी बांध कर विरोध जताया।
अखिल भारतीय पशु चिकित्सा सेवा संघ के अह्वान पर बुधवार को प्रदेश के पशु चिकित्सकों ने सांसद मेनका गांधी के खिलाफ प्रदर्शन किया। उत्तराखंड राज्य पशु चिकित्सा सेवा संघ के प्रांतीय अध्यक्ष डा. कैलाश उनियाल और डा. आशुतोष जोशी ने कहा कि सांसद मेनका गांधी की ओर से लगातार वेटनरी डॉक्टरों के खिलाफ अमर्यादित व्यवहार किया जा रहा है।
सांसद ने किसान, चौकीदार, ड्राइवर समेत अन्य निर्धन वर्ग के युवा पीढ़ी की ओर से वेटनरी डॉक्टर का कार्य करने पर घृणा व रोष व्यक्त किया है। इस तरह का बयान दुर्भाग्यपूर्ण है। पशु निदेशालय में वेटनरी डॉक्टरों ने काली पट्टी बांधकर सांसद मेनका गांधी के खिलाफ प्रदर्शन किया। जिसके बाद प्रधानमंत्री, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सरसंघचालक, मुख्यमंत्री, केंद्रीय पशुपालन मंत्री, प्रदेश की पशुपालन मंत्री, मुख्य सचिव, पशुपालन सचिव और जिलाधिकारियों को ज्ञापन प्रेषित किया।
हरिद्वार में पशु चिकित्सकों ने काली पट्टी बांधकर काला दिवस मनाया
सांसद मेनका गांधी की ओर से मोबाइल पर एक पशु चिकित्सक को कड़ी फटकार लगाते हुए गालीगलौज के कथित ऑडियो के विरोध में जिला पशु चिकित्सा संघ हरिद्वार ने काला दिवस मनाया। इस दौरान पशु चिकित्सकों ने सांसद मेनका गांधी पर अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए इसकी कड़ी निंदा की।
हाल ही में एक पशु चिकित्सक को फोन पर फटकार लगाते हुए दी जा रही गालीगलौज का कथित ऑडियो वायरल हुआ है। इसमें चिकित्सक पर आरोप लगाया जा रहा है कि उन्होंने गलत तरीके से एक कुत्ते की सर्जरी कर उसका पैर काटा है। साथ ही मालिक से करीब सत्तर हजार भी ले लिए हैं। पशु चिकित्सक को रुपये तुरंत वापस नहीं करने पर अस्पताल को बंद कराने और वैधानिक कार्रवाई किए जाने की धमकी दे रही है। दावा किया जा रहा है कि यह आवाज सांसद मेनका गांधी की है।
इसे लेकर देशभर में पशु चिकित्सक सांसद मेनका गांधी के विरोध में उतर आए। बुधवार को जिला पशु चिकित्सा संघ हरिद्वार के बैनर तेल सदस्यों ने राजकीय पशु चिकित्सालय रुड़की में काली पट्टी बांधकर काम किया। चिकित्सकों ने कहा कि पशु चिकित्सक देशभर में पशु पालकों की आय को दोगुनी करने के लिए केंद्र सरकार के लक्ष्य को पाने के लिए ईमानदारी और मेहनत से काम कर रहे हैं, लेकिन सांसद मेनका गांधी का व्यवहार पशु चिकित्सकों के मनोबल को तोड़ रहा है।
इस संबंध में उत्तराखंड राज्य पशु चिकित्सा सेवा संघ, देहरादून के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. कैलाश उनियाल और प्रांतीय महासचिव डॉ. आशुतोष जोशी की ओर से मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को पत्र प्रेषित किया गया है। इसके माध्यम से भविष्य में सांसद मेनका गांधी की ओर से कोई शिकायत किए जाने पर संबंधित पशु चिकित्सक का भी पक्ष सुने जाने के लिए दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की गई है।