उत्तराखंड: तीसरी लहर को लेकर लापरवाही, सियासी दलों के लिए न सामाजिक दूरी न मास्क जरूरी
राजनीतिक कार्यक्रमों में नेताओं से लेकर कार्यकर्ताओं ने कोविड नियमों की धज्जियां उड़ाकर रखी हैं। सभी राजनीतिक दलों पर विधानसभा चुनाव की तैयारियों का इस कदर दबाव है कि वे सियासी कार्यक्रमों में कोविड नियमों का पालन करना तक जरूरी नहीं समझ रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रदेश में कोविड नियमों के पालन के उपदेश देने वाले राजनीतिक दलों ने ही नियम-कायदों को ताक पर रख दिया है। सत्तारूढ़ भाजपा हो या मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस या तीसरे राजनीतिक विकल्प के लिए जोर लगा रही आम आदमी पार्टी सभी सियासी दलों के कार्यक्रमों में सामाजिक दूरी और मास्क है जरूरी का नारा सिर्फ नाम भर कर रहा है।
राजनीतिक कार्यक्रमों में नेताओं से लेकर कार्यकर्ताओं ने कोविड नियमों की धज्जियां उड़ाकर रखी हैं। सभी राजनीतिक दलों पर विधानसभा चुनाव की तैयारियों का इस कदर दबाव है कि वे सियासी कार्यक्रमों में कोविड नियमों का पालन करना तक जरूरी नहीं समझ रहे।
कांग्रेस के राजभवन कूच में ठेंगे पर रहे नियम
प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर राजधानी में पेगासस जासूसी कांड के विरोध में बृहस्पतिवार को राजभवन मार्च किया। कार्यक्रम में सैकड़ों कार्यकर्ता जुटे। सामाजिक दूरी का पालन दूर कार्यकर्ताओं के चेहरों के बजाय गले में लटके मास्क बता रहे थे कि उन्हें तीसरी लहर की कोई परवाह नहीं है।
भाजपा के कार्यक्रमों में भी यही हालात
यही हाल सत्तारूढ़ भाजपा के राजनीतिक और सांगठनिक कार्यक्रमों में नजर आ रहा है। सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद का चेहरे पर पहने जाने वाला मास्क पांव लटकाए जाने का फोटो सोशल मीडिया पर खासा वायरल हो चुका है। इसके अलावा पार्टी प्रदेश कार्य समिति से लेकर जिला स्तर पर होने वाली बैठक में भी कोविड नियमों का कायदे से पालन नहीं हो रहा है।
आप की रैली में भी टूटे नियम
प्रदेश में सरकार बनाने और तीसरी राजनीतिक ताकत बनने की कोशिशों में जुटी आम आदमी पार्टी की रैलियों में भी सामाजिक दूरी और मास्क है जरूरी का पालन नहीं हो रहा है।
संगठन की ओर से स्पष्ट निर्देश हैं कि कोविड गाइडलाइन के तहत मान्य क्षमता के अनुसार ही कार्यकर्ताओं को कार्यक्रमों में आमंत्रित किया जाए। हम इसका पालन कर रहे हैं। पार्टी के जिम्मेदार नेताओं से लेकर कार्यकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश हैं कि वे कोविड नियमों का कड़ाई से पालन करें।- मदन कौशिक, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा
महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से जुड़े ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर कांग्रेस एक जिम्मेदार विपक्ष होने के नाते चुप नहीं बैठ सकती। इसलिए विरोध प्रदर्शन आयोजित हो रहे हैं। हमारी पूरी कोशिश है कि कोविड गाइडलाइन का पालन हो। - सूर्यकांत धस्माना, प्रदेश उपाध्यक्ष, कांग्रेस
साफगोई से बात की जाए तो किसी भी राजनीतिक दल और अधिकांश लोगों को जो खुद गाइडलाइन का पालन नहीं करते, सही कोविड बिहेवियर (मास्क, दूरी इत्यादि) को लेकर बात नहीं करनी चाहिए। - अनूप नौटियाल, सामाजिक कार्यकर्ता (सोशल मीडिया पर ट्विट)