Dehradun News: लोनिवि के गड्ढा मुक्त एप पर आईं एक हजार से अधिक शिकायतें, मुख्यमंत्री धामी ने किया था लांच
मोबाइल एप लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए बनाया गया है। इसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति अपने आसपास सड़कों पर पाए जाने वाले गड्ढों की फोटो खींचकर पूरी जानकारी के साथ शिकायत दर्ज कर सकता है।
विस्तार
लोक निर्माण विभाग के पैच रिपोर्टिंग एप पर पिछले ढाई माह में करीब एक हजार से अधिक शिकायतें आईं हैं। इनमें से 650 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है। मतलब सड़क पर पड़े गड्ढों को भर दिया गया है। जबकि 416 शिकायतों को उन विभागों को भेज दिया गया है, जिनकी सड़कें हैं।
बताते चलें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 16 मई को पैच रिपोर्टिंग एप का शुभारंभ किया था। यह मोबाइल एप लोक निर्माण विभाग की ओर से सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए बनाया गया है। इसके माध्यम से कोई भी व्यक्ति अपने आसपास सड़कों पर पाए जाने वाले गड्ढों की फोटो खींचकर पूरी जानकारी के साथ शिकायत दर्ज कर सकता है। शिकायतकर्ता को एप के माध्यम से दर्ज शिकायत पर हुई कार्रवाई के विषय में भी चित्र सहित जानकारी उपलब्ध कराई जाती है।
इस संबंध में मुख्यमंत्री के लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश हैं कि एप के माध्यम से प्राप्त होने वाली शिकायतों का समाधान एक सप्ताह के भीतर किया जाए। इसके लिए अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की गई है। इस संबंध में सचिव लोनिवि डॉ. पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि 18 मई से एक अगस्त तक प्राप्त 1093 शिकायतों में से 650 शिकायतों का पूरी तरह निपटारा किया जा चुका है।
नोडल अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई
16 पर काम चल रहा है। तीन लगभग पूरी हो चुकी हैं। जबकि आठ पेंडिंग हैं। इसके अलावा 416 शिकायतें ऐसी थीं, जो लोनिवि से संबंधित नहीं हैं। यह सड़कें पीएमजीएसवाई, नगर निगम, नगर पालिका या ग्रामीण विकास से संबंधित विभागों की हैं। इन्हें संबंंधित विभागों को भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि पैच रिपोर्टिंग एप पर आने वाली शिकायतों को बहुत संजीदगी से पूरा किया जा रहा है। इसके लिए एक नोडल अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कृपया ध्यान दें...हर सड़क के गड्ढे नहीं भरता यह एप
कृपया ध्यान दें, पैच रिपोर्टिंग एप पर यदि आप अपनी गली-मोहल्ले की सड़कों पर पड़े गड्ढों की फोटो डालते हैं तो स्वीकृत नहीं की जाएंगी। लोनिवि इनकी जिम्मेदारी नहीं लेता है। वह संबंधित विभागों को इन शिकायतों को भेज देता है। एप के माध्यम से केवल नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे और मुख्य जिला मार्ग से संबंधित बड़ी सड़कों पर पड़े गड्ढों की ही शिकायतों का निस्तारण किया जाता है।
ये भी पढ़ें...Badrinath Dham: मास्टर प्लान के तहत बन रहे पुल का ढांचा गिरने से हादसा, नदी में बहे दो मजदूर, एक की जान बची
प्रदेश में सड़कों को गड्ढा मुक्त करने में सहयोग करने वाला यह मोबाइल एप लोक निर्माण विभाग की ओर सुगम सुरक्षित यात्रा के लिए सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाए जाने और आमजन से परस्पर संवाद बनाए रखने के लिए विकसित किया गया है। इस एप के माध्यम से गड्ढे वाले स्थान की लोकेशन की सूचना अक्षांश, देशांतर सहित स्वतः ही प्रदर्शित हो जाती है। - डॉ. पंकज पांडेय, सचिव, लोनिवि