{"_id":"5f6da1218ebc3ed2202f30b1","slug":"uttarakhand-news-bjp-can-take-action-on-mla-puran-fartial","type":"story","status":"publish","title_hn":"विधायक फर्त्याल पर भाजपा कर सकती है कार्रवाई, अपनी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने से संगठन नाराज","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
विधायक फर्त्याल पर भाजपा कर सकती है कार्रवाई, अपनी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने से संगठन नाराज
Fri, 25 Sep 2020 01:30 PM IST
Nirmala Suyal Nirmala Suyal
न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
न्यूज़ डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
Published by: Nirmala Suyal Nirmala Suyal
Updated Fri, 25 Sep 2020 01:30 PM IST
विज्ञापन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत
- फोटो : Bansidhar Bhagat / Facebook Page
टनकपुर-जौलजीवी सड़क के टेंडर में भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर अपनी ही सरकार को कठघरे में खड़ा करने वाले विधायक पूरन फर्त्याल पर भाजपा कार्रवाई कर सकती है। फर्त्याल ने बुधवार को विधानसभा सत्र के दौरान सदन में कार्य स्थगन प्रस्ताव की सूचना लगाकर संगठन और सरकार दोनों को असहज कर दिया। विधायक की इस बेबाकी को पार्टी अनुशासनहीनता के तौर पर देख रही है। माना जा रहा है कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत इस मामले में एक्शन ले सकते हैं। उन्होंने कहा कि वह शुक्रवार को इस मामले में अपना रुख साफ करेंगे। पार्टी फर्त्याल का जवाब तलब कर सकती है।
विज्ञापन
टनकपुर-जौलजीवी सड़क के टेंडर के मुद्दे पर विधायक फर्त्याल आर-पार की जंग लड़ रहे हैं। विधानसभा सत्र से पहले भी उन्होंने इस मामले में सरकार और शासन के अफसरों की भूमिका पर सवाल उठाए थे। उनके इस आचरण पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भगत ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था। जिसका तत्काल जवाब न देकर फर्त्याल ने पार्टी अध्यक्ष को अपना पक्ष रखने के लिए लंबा इंतजार कराया। पार्टी कार्यालय पहुंचने पर प्रदेश अध्यक्ष ने फर्त्याल को ताकीद किया था कि वे ऐसा कोई भी बयान या आचरण न करें, जिससे सरकार और संगठन की छवि प्रभावित हो। तब यह मान लिया गया था कि फर्त्याल नरम पड़ गए हैं। लेकिन उनके रुख में कोई नरमी नहीं आई।
विज्ञापन
सूत्रों के मुताबिक इस बीच फर्त्याल ने संगठन के केंद्रीय नेताओं से भी शिकायत कर डाली। उन्होंने एलान किया कि वह अब विधानसभा में इस मामले को उठाएंगे। एक दिन के सत्र में फर्त्याल ने कार्य स्थगन प्रस्ताव की सूचना देकर सरकार को असहज कर दिया। हालांकि उनकी सूचना ठुकरा दी गई। लेकिन सदन में फर्त्याल ने अपनी ही सरकार पर सवाल उठाए। सदन से बाहर भी उन्होंने सरकार के भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस की नीति पर प्रहार किए। उनके इस आचरण को सरकार और संगठन के स्तर पर अनुशासनहीनता के तौर पर देखा जा रहा है।
विज्ञापन
विधायक पूरन फर्त्याल का मामला संगठन के संज्ञान में है। पार्टी इससे सहमत नहीं है। शुक्रवार को मैं पार्टी का रुख साफ करूंगा। - बंशीधर भगत, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा
सरकार पर प्रहार करने का विपक्ष को मिल गया बहाना
भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा विधायक की मोर्चा बंदी से विपक्ष को भी प्रदेश सरकार पर प्रहार करने का बहाना मिल गया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा का ही विधायक अपनी सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा रहा है। अब इस सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। मुख्यमंत्री को इस्तीफा देना चाहिए।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एसएस कलेर ने कहा कि विधायक फर्त्याल लंबे समय से मार्ग निर्माण के टेंडर में घोटाले की बात कह रहे हैं। उन्होंने विस में नियम 58 के तहत कार्य स्थगन की सूचना देकर सदन में चर्चा की मांग उठा दी। बेशक उन्हें यह अवसर नहीं मिला लेकिन इस घटनाक्रम ने जीरो टॉलरेंस की बात करने वाली भाजपा बेनकाब हो गई है। आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करेगी। घोटाले की जांच नहीं हुई तो पार्टी आंदोलन करेगी।