उत्तराखंड: नौकरी का सुनहरा मौका, पटवारी और लेखपाल के 513 पदों पर निकली भर्ती, 22 जून से करें आवेदन
अगर आप भी सरकारी नौकरी की तलाश में हैं तो यह खबर आपके लिए है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने पटवारी और लेखपाल के पदों पर भर्तियां निकाली हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने पटवारी और लेखपाल के 513 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। इन पदों के लिए 22 जून से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू होने जा रही है।
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के सचिव संतोष बडोनी के मुताबिक, इस भर्ती परीक्षा से राजस्व उपनिरीक्षक (पटवारी) के 366 और राजस्व उपनिरीक्षक (लेखपाल) के 147 पदों पर भर्ती की जाएगी। पटवारी के लिए किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन पास होना जरूरी है।
इन पदों के लिए आयु 21 से 28 वर्ष के बीच होनी चाहिए। वहीं, लेखपाल के लिए ग्रेजुएशन के साथ ही आयु 21 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। जनरल, ओबीसी के लिए 300 रुपये और एससी, एसटी, दिव्यांग और ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए 150 रुपये शुल्क तय किया गया है।
किस जिले में कितने पदों पर मौका
चूंकि यह जिला संवर्ग के पद हैं, इसलिए आयोग ने जिलावार पदों का विवरण भी जारी किया है। इसके तहत पटवारी के अल्मोड़ा में 50 पद, बागेश्वर में 18, चमोली में 26, चंपावत में 23, देहरादून में नौ, नैनीताल में 27, पौड़ी गढ़वाल में 79, पिथौरागढ़ में 38, रुद्रप्रयाग में 13, टिहरी में 45 और उत्तरकाशी में 38 पदों पर मौका दिया गया है। वहीं, लेखपाल के चंपावत में एक, देहरादून में 29, हरिद्वार में 35, नैनीताल में 26 और ऊधमसिंह नगर में 56 पदों पर भर्ती निकाली गई है।
महत्वपूर्ण तिथियां
- ऑनलाइन आवेदन शुरू होने की तिथि : 22 जून
- ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि : पांच अगस्त
- फीस जमा कराने की अंतिम तिथि : सात अगस्त
- शारीरिक दक्षता, लिखित परीक्षा की तिथि : नवंबर
परीक्षा पर फैसला बाकी
आयोग ने अपने विज्ञापन में स्पष्ट किया है कि आयोग की ओर से ऑनलाइन परीक्षाओं की भी तैयारी पुख्ता की जा रही है। इसलिए पटवारी, लेखपाल की यह भर्ती परीक्षा ऑनलाइन होगी या ऑफलाइन, इस पर अभी निर्णय लिया जाना बाकी है। उम्मीदवारों को इसी हिसाब से तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं।