होली खेलने के बाद गंगा में नहाते समय बहे इंजीनियर और शिक्षक, पानी के विवाद जमकर चले डंडे व गोलियां
- अलग-अलग जगह पर हुआ हादसा, शिक्षक की मौत, इंजीनियर का नहीं चला पता
- पानी के विवाद में किशोर के पैर में लगी गोली, दोनों पक्षों की ओर से मुकदमे दर्ज
विस्तार
होली खेलने के बाद हरिद्वार में गंगा में नहाते समय अलग-अलग जगह पर एक मरीन इंजीनियर और एक शिक्षक बह गया। गंगा में डूबने से शिक्षक की मौत हो गई, जबकि मरीन इंजीनियर का पता नहीं चल सका।
कनखल थाना क्षेत्र के हरि भारती संस्कृत विद्यालय में संस्कृत शिक्षक के पद पर तैनात रविरंजन (28) मूल रूप से बिहार के रोहताश के नासरीगंज के रहने वाले थे। सोमवार को होली खेलने के बाद रविरंजन अपने दोस्तों के साथ शहर कोतवाली क्षेत्र के ओम पुल घाट पर नहाने के लिए गए थे।
इस बीच अचानक रविरंजन का पैर फिसल गया और वह बह गए। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही जल पुलिस मौके पर पहुंची और बैराज के पास से रविरंजन को निकाला। उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। डीएम की अनुमति के बाद परिजन शव को अपने साथ बिना पोस्टमार्टम के ले गए थे।
इसके अलावा ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र के लाल मंदिर निवासी सौरभ मरीन इंजीनियर हैं। बताया जाता है कि वह आजकल छुट्टी आए हुए थे। होली खेलने के बाद वह भी अपने दोस्तों के साथ प्रेमनगर घाट पर नहाने के लिए आए थे। पानी के तेज बहाव में सौरभ बह गए।
सूचना मिलते ही पहुंची जल पुलिस ने घंटों सौरभ की तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। सर्च अभियान मंगलवार को भी जारी रहा। सीओ सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि लापता सौरभ की तलाश की जा रही है।
पानी के विवाद जमकर चले लाठी-डंडे व गोलियां
वहीं मंगलौर पानी पीने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। झगड़े में एक व्यक्ति ने तमंचे से गोली चला दी गई। गोली पास में ही खड़े एक किशोर के पैर में लगी। किशोर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मुकदमे दर्ज किए हैं। गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।
जानकारी के अनुसार संदीप निवासी नारसन खुर्द ने पुलिस को तहरीर दी कि गांव में होली का त्योहार धूमधाम के साथ मनाया जा रहा था। इसी दौरान वह अपने एक साथी के साथ श्मशान घाट पर लगे नल से पानी पीने लगा। वहां पर अंकित, अंशुल व एक अज्ञात व्यक्ति पहुंचा और गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया।
इनमें से एक तमंचे से कई फायर किए। इससे पास खड़े गांव के किशोर ऋतिक पुत्र प्रदीप के पैर में गोली लग गई। आसपास के लोगों ने किशोर को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने नामजद किए गए दो आरोपियों अंकित, अंशुल व एक अन्य अज्ञात के खिलाफ हत्या का प्रयास व एससी एसटी के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
वहीं दूसरे पक्ष के धर्मेंद्र ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि संदीप, अमरदीप, रामपाल, विनीत, प्रमोद, धर्मेंद्र, तेजपाल, पल्लू, विकास व एक अन्य व्यक्ति द्वारा उनके घर में घुसकर मारपीट करते हुए अंकित को गंभीर रूप से घायल कर दिया है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मुकदमे दर्ज करने के साथ ही आरोपियों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।