उत्तराखंड इन्वेस्टर्स समिट: दो दिनों में 1.20 लाख करोड़ के 601 निवेश प्रस्तावों पर लगी सरकार की मुहर
उत्तराखंड में पहली बार इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन करने के लिए सरकार की तीन माह कवायद ने अपना रंग दिखा ही दिया। इस दो दिवसीय समिट में सरकार ने निवेशकों के साथ एक लाख 20 हजार करोड़ रुपये निवेश के 601 प्रस्तावों पर करार किए।
दूसरे दिन भी निवेशकों ने देवभूमि में अपना कारोबार शुरू करने के लिए सरकार से 45 हजार करोड़ निवेश पर एमओयू किया। यह पहला अवसर है जबसरकार को दो दिनों में निवेशकों ने देवभूमि उत्तराखंड में महानिवेश पर करार किया है। इससे साढ़े तीन लाख से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलने की बात की जा रही है।
इन्वेस्टर्स समिट आयोजन के अपने मकसद में सरकार कामयाब हुई है। पिछले करीब तीन महीनों से सरकार समिट की तैयारियों में जुटी थी। एक सप्ताह के भीतर सरकार ने नई नीतियां बनाने के साथ ही निवेशकों के अनुरूप पुरानी नीतियों में संशोधन किया।
समिट में आए नामी उद्योगपतियों व अन्य निवेशकों ने सरकार की उम्मीदों से ज्यादा राशि निवेश के एमओयू हस्ताक्षरित किए। सरकार को इन्वेस्टर्स समिट से करीब 80 हजार करोड़ तक निवेश पर करार होने की उम्मीद थी। पहले दिन 75 हजार करोड़ के निवेश प्रस्ताव पर निवेशकों ने सरकार के साथ एमओयू किए।
यहां इतना हुआ निवेश
वहीं दूसरे दिन भी निवेशकों ने देवभूमि को करोड़ों के निवेश का तोहफा दिया। रसना प्राइवेट लिमिटेड के चेयरमैन पियूज खामबाटा ने फूड प्रोसेसिंग में 500 करोड़ के निवेश पर करार किया। वहीं महेंद्रा ग्रुप की ओर से ऑटोमोबाइल, अडानी ग्रुप, आईटीसी, होम बुरुप कंपनी ने कृषि और औद्यानिकी पर आधारित फूड प्रोसेसिंग, पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड ने जड़ी-बूटी, आयुष एवं वेलनेस, अमूल ने डेयरी प्रोडक्ट सेक्टर में निवेश प्रस्ताव पर एमओयू किया।
प्रदेश में पहली बार 1.20 लाख करोड़ का निवेश धरातल पर आएगा, तो साढ़े तीन लाख से ज्यादा लोगों को सीधे तौर पर रोजगार मिलने की संभावना है। साथ ही कृषि उत्पादों का वेल्यू चेन (मूल्य संवर्धन) होने से किसानों की आय भी बढ़ेगी।
सेक्टर एमओयू संख्या निवेश का करार (करोड़ में) रोजगार की संभावना
पर्यटन 119 14,183 29,426
ऊर्जा 19 31,543 27,419
फूड प्रोसेसिंग 91 7654 81,864
हेल्थ केयर 71 18,064 60,373
सूचना प्रौद्योगिकी 19 5025 27,155
इन्फ्रास्ट्रक्चर 18 26,909 29,360
मैन्युफैक्चरिंग 233 11,626 51,764
शिक्षा एवं कौशल 09 6091 34,750
आयुष एवं वेलनेस 22 3270 11,678
-इन्वेस्टर्स समिट में 601 निवेश प्रस्तावों पर एमओयू
-एक लाख 20 हजार करोड़ का निवेश पर सहमति
-प्रदेश के 3.50 लाख लोगों को मिलेगा सीधा रोजगार