फैशन, एंटरटेनमेंट और एजूकेशन में उत्तराखंड का जलवा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मिस इंडिया टॉप 20 में जगह बना चुकी कांवली रोड निवासी मेधिका अब एक और मुकाम की ओर बढ़ गई है। मेधिका अब एनडी टीवी गुड टाइम्स के किंग फिशर सुपर मॉडल चॉप थ्री तक पहुंच चुकी है। मेधिका ने बताया कि अब कांटेस्ट में तीन मॉडल्स बची है। हालांकि दो मॉडल्स को वाइल्ड कार्ड एंट्री के जरिये वापस लिया जा रहा है।
मेधिका ने बताया कि स्विमिंग पुल के अंदर फोटोग्राफी का टास्क बेहद मुश्किल था। पानी के अंदर पोज देने में कई तरह की मुश्किलें तो आई लेकिन टास्क पूरा होने पर बेहद खुशी हुई। इसके साथ ही हवा में झूलते हुए पोज देने का टास्क भी बेहद मुश्किल था। जिस पर मेरी बहुत तारीफ हुई। अब सिर्फ एक टास्क बाकी है।
रविवार को शो की फाइनल विनर चुन ली जायेगी। विनर को किंगफिशर के कैलेंडर में मॉडलिंग के साथ ही प्राइस मनी भी दी जायेगी। मेधिका टॉप मॉडल्स में यहां तक पहुंची है।
पांच साल के पार्थ ने मनवाया एक्टिंग का लोहा
दून के पार्थ मेहता अब टीवी चैनल पर अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाएंगे। पांच साल के पार्थ का चयन इंडियाज बेस्ट ड्रामेबाज शो में हो गया है। अपनी हाजिरजवाबी और जबर्दस्त ड्रामे से जजों को प्रभावित करने वाले पार्थ का शो हर शनिवार व रविवार को प्रसारित होगा।
सेंट जोजफ्स स्कूल के छात्र और गोविंदगढ़ निवासी पार्थ मेहता की उम्र महज पांच साल है। दून में हुए टीवी चैनल के ऑडिशन में पहुंचे पार्थ ने यहां आए जजों को प्रभावित किया। इसके बाद राष्ट्रीय स्तर पर हुए ऑडिशन में भी उनकी जबर्दस्त परफार्मेंस रही। पार्थ की हाजिरजवाबी के जज भी कायल हो गए हैं।
पिता हरीश मेहता और माता मीरा मेहता ने बताया कि उनके बेटे ने दिल्ली व मुंबई के ऑडिशन में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाकर यह कामयाबी हासिल की है। सूत्रों के मुताबिक पार्थ का चयन लास्ट 16 और मेगा ऑडिशन के लिए भी हो चुका है। इस बार शो के प्रसारण में उनकी एक्टिंग देखने को मिलेगी। पार्थ की इस कामयाबी पर स्कूल प्रशासन ने भी हर्ष जताया है।
रीजनल मैथ्स ओलंपियाड में दून का आयुष विजेता
गुरुकुल कांगड़ी विवि की ओर से आयोजित रीजनल मैथ्स ओलंपियाड में दिल्ली पब्लिक स्कूल के छात्रों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। डीपीएस दून के छात्र आयुष कौशल ने परीक्षा में पहला स्थान हासिल किया है। इसके अलावा डीपीएस हरिद्वार के तीन छात्रों ने शीर्ष पांच में जगह बनाई है।
गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग की ओर से हुई रीजनल मैथ्स ओलंपियाड का परिणाम जारी हो गया है। इस प्रतियोगिता में दिल्ली पब्लिक स्कूल देहरादून के 11वीं के छात्र आयुष कौशल ने पहला स्थान हासिल किया। इसके अलावा डीपीएस हरिद्वार के समीर कुमार सिंह दूसरे, रोहित करन तीसरे और गगनदीप सिंह चौथे स्थान पर रहे।
प्रतियोगिता में आर्यमान विक्रम बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ लर्निंग के 11वीं के छात्र अनिरुद्ध रौतेला ने पांचवां स्थान हासिल किया है। यह सभी छात्र अब 17 जनवरी 2016 को होने वाली इंडियन नेशनल मैथ्स ओलंपियाड में हिस्सा लेंगे। डीपीएस दून के प्राचार्य बीके सिंह ने आयुष के विजेता बनने पर हर्ष जताया। उन्होंने कहा कि डीपीएस स्कूल प्रबंधन की ओर से आयुष को पूरा सहयोग दिया जाएगा।