Uttarakhand Election 2022: चुनाव मैदान में ही नहीं, वर्चुअल दुनिया में भी फिसड्डी हैं ये पार्टियां
आनन फानन डोर-टू-डोर के साथ ही अब व्हाट्सएप ग्रुप का सहारा लेकर प्रचार की कोशिश की जा रही है।
विस्तार
उत्तराखंड की सियासत के मैदान में हर बार फिसड्डी रहने वाले छोटे दल वर्चुअल दुनिया में भी पिछड़े हुए हैं। अब कोविड काल में चुनाव आयोग ने जनसभा, रैलियों पर रोक लगाई तो इन दलों के लिए प्रचार करना मुश्किल हो गया है। आनन फानन डोर-टू-डोर के साथ ही अब व्हाट्सएप ग्रुप का सहारा लेकर प्रचार की कोशिश की जा रही है।
समाजवादी पार्टी : अब व्हाट्सएप का सहारा
कोविड काल में चुनाव प्रचार करना समाजवादी पार्टी (सपा) के लिए मुसीबत बन गया है। पार्टी के फेसबुक और ट्विटर अकाउंट को चेक किया तो पता चला कि इस मामले में पार्टी कितना पीछे है। फेसबुक पर समाजवादी पार्टी उत्तराखंड के नाम से जो पेज है, उसके 11,296 फॉलोअर हैं जबकि ट्विटर पर महज 02 फॉलोअर हैं। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एसपी सचान का कहना है कि वह डोर-टू-डोर और व्हाट्सएप ग्रुप्स के माध्यम से मतदाताओं तक पहुंच बना रहे हैं। साथ ही सोशल मीडिया टीम को सक्रिय किया गया है।
Uttarakhand Election 2022: 70 विस क्षेत्रों में भाजपा की वर्चुअल रैलियां जल्द, सोशल मीडिया में आप ने उतारे रणबांकुरे
बहुजन समाज पार्टी : वर्चुअल नहीं, डोर-टू-डोर
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का हाल भी वर्चुअल दुनिया में सपा जैसा ही है। ट्विटर पर बीएसपी उत्तराखंड के नाम से जो अकाउंट बना हुआ है, उस पर महज छह फॉलोअर हैं। फेसबुक पेज पर बहुजन समाज पार्टी उत्तराखंड के नाम से बने पेज के 10,690 फॉलोअर हैं। पार्टी के प्रदेेश अध्यक्ष शीशपाल चौधरी का कहना है कि हम कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन करते हुए जमीन पर काम कर रहे हैं। वैसे हम भी आईटी के क्षेत्र में शुरुआत करने जा रहे हैं।
यूकेडी : एसपी-बीएसपी से ज्यादा फॉलोअर
उत्तराखंड क्रांति दल के सोशल मीडिया में एसपी-बीएसपी से ज्यादा फॉलोअर हैं। फेसबुक पर बने उत्तराखंड क्रांति दल के पेज पर 48,517 फॉलोअर हैं। ट्विटर पर यूकेडी के 562 फॉलोअर हैं। पार्टी जमीनी स्तर पर प्रचार को बढ़ावा दे रही है। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि निश्चित तौर पर इस बार वह वोटरों के दिल पर राज करने में कामयाब होंगे।
बीजेपी, कांग्रेस व आप ने आपदा को बनाया अवसर
आपदा के दौर में भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने आपदा को अवसर मानते हुए वर्चुअल दुनिया में अपना जाल फैला दिया। प्रदेशभर में तीनों ही पार्टियां बड़े पैमाने पर वर्चुअल प्रचार-प्रसार कर रही हैं। तीनों ही दलों के नेता लगातार वर्चुअल संवाद करने में जुटे हुए हैं। तीनों दलों ने वर्चुअल दुनिया में पैठ बढ़ाने के लिए बाकायदा आईटी सेल बनाई हुई हैं, जो दिनभर अपडेट करती हैं।
सोशल मीडिया पर किसके कितने फॉलोअर
पार्टी का नाम - फेसबुक - ट्विटर
भाजपा - 2,74,146 - 1,19,000
कांग्रेस - 87,319 - 68,500
आप - 2,29,861 - 30,800
उक्रांद - 48,517 - 562
सपा - 11,296 - 02
बसपा - 10,690 - 06