कांग्रेस की पदयात्रा: हरीश रावत बोले- बढ़ती महंगाई के कारण लोगों को नहीं मिल रहा भरपेट खाना, बेरोजगार युवा भी तंग
हरीश रावत ने कहा कि सब्जियां, रसोई गैस, पट्रोल-डीजल के भाव आसमान छू रहे हैं। भाजपा सरकार में आम जनता की सुनवाई नहीं है। जनता भाजपा के शासन से तंग आ चुकी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत अतमलपुर बोंगला पहुुंचने पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। इस मौके पर हरीश रावत ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की डबल इंजन की सरकार हर मोर्चे पर फेल हो गई है। उन्होंने कहा कि महंगाई चरम पर है और बेरोजगार युवा तंग है। प्रदेश की जनता कांग्रेस की ओर उम्मीद से देख रही है। कार्यकर्ता चुनाव मैदान में उतरें और जनता के बीच कांग्रेस की नीतियां पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि सब्जियां, रसोई गैस, पट्रोल-डीजल के भाव आसमान छू रहे हैं। भाजपा सरकार में आम जनता की सुनवाई नहीं है। जनता भाजपा के शासन से तंग आ चुकी है। भाजपा ने तीन मुख्यमंत्री बदल कर प्रदेश की जनता पर जो बोझ डाला है, उसे जनता कभी माफ नही करेगी। जनता भाजपा सरकार से ऊब चुकी है और बदलाव चाहती है। ऐसे में सभी कांग्रेसियों को एकजुटकर होकर विधानसभा चुनाव में उतरना है।
हरीश रावत ने कहा कि कार्यकर्ता जनता के बीच जाएं। घर-घर जाकर भाजपा की नाकामियां बताएं। समय कांग्रेस के अनुकूल है और जनता साथ खड़ी है। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के जिला महामंत्री लक्ष्य चौहान, पूर्व प्रदेश सचिव जसवंत चौहान, मनीष कर्णवाल, धर्मेंद्र कुमार, हर्षित चौहान, विपुल चौहान, मुकुल चौहान, रुद्र चौहान, आर्यन चौहान आदि उपस्थित रहे।
लोगों को भरपेट खाना ही नहीं मिल रहा
कोटद्वार में भी पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा निकाली। इस मौके पर उन्होंने जनता से आगामी विधानसभा चुनाव में जनविरोधी भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के कारण लोगों को भरपेट खाना ही नहीं मिल रहा है।
मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ता नजीबाबाद रोड स्थित महाराजा वेडिंग प्वाइंट में एकत्र हुए। यहां से उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के नेतृत्व में नगर में पदयात्रा निकाली। पदयात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए मालवीय उद्यान पहुंचकर जनसभा में तब्दील हो गई। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि बढ़ती महंगाई के कारण लोगों को पेटभर खाना भी नसीब नहीं हो पा रहा है। युवाओं को रोजगार देने के नाम पर सत्ता में आई भाजपा तीन हजार युवाओं को भी रोजगार नहीं दे पाई है।
कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने पूरे गढ़वाल को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से कोटद्वार में टाइगर सफारी शुरू की थी, लेकिन भाजपा सरकार ने टाइगर सफारी को पाखरो शिफ्ट कर कोटद्वार सहित पूरे गढ़वाल को विकास से दूर कर दिया। कण्वाश्रम में स्वीकृत योजनाओं को ठंडे बस्ते में डाल दिया। मेडिकल कालेज के वजूद को खत्म कर दिया। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से सरकार की जनविरोधी नीतियों को घर-घर पहुंचाकर भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आने पर सभी योजनाओं कोटद्वार में मेडिकल कॉलेज और कण्वाश्रम विकास योजना को दोबारा से शुरू किया जाएगा।
पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों से प्रदेश की जनता का मोह भंग हो चुका है। इस मौके पर मेयर हेमलता नेगी, जिलाध्यक्ष डॉ. चंद्रमोहन खर्कवाल और महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय मित्तल, पूर्व राज्यमंत्री जसवीर राणा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष शकुंतला चौहान, पूर्व पालिकाध्यक्ष विजय नारायण सिंह, पूर्व प्रमुख सुरेश असवाल और सुरेंद्र सिंह नेगी, कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष राकेश शर्मा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पूर्व विधायक भारत सिंह के बेटे राजेंद्र कांग्रेस में शामिल
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के समक्ष मंगलवार को लैंसडौन के पूर्व विधायक भारत सिंह रावत (बीजेपी नेता रहे) के बड़े बेटे राजेंद्र सिंह रावत और भाजपा मंडल उपाध्यक्ष डा. अमित शर्मा ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। पूर्व सीएम हरीश रावत और पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने उन्हें माला डालकर पार्टी में शामिल करवाया।