उत्तराखंड चुनाव 2022: यशपाल आर्य की घर वापसी के बाद डैमेज कंट्रोल में जुटी भाजपा
Uttarakhand Election 2022: यशपाल आर्य के करीबी रहे भाजपा नेताओं को लेकर भी कयासों का दौर शुरू हो गया है। हालांकि बाजपुर से भाजपा के विभिन्न मोर्चों में रहे कुछ पदाधिकारियों ने इस्तीफे दिए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
निवर्तमान कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य की विधायक पुत्र संजीव आर्य के साथ कांग्रेस में वापसी के बाद तराई का सियासी पारा चढ़ा हुआ है। यशपाल के इस कदम के बाद सत्तारुढ़ भाजपा ने डैमेज कंट्रोल की कसरत शुरू कर दी है।
चार मंडलों के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक
जिला प्रभारी राजेंद्र बिष्ट और जिलाध्यक्ष शिव अरोरा ने बाजपुर पहुंचकर चार मंडलों के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ ही उनकी नब्ज भी टटोली। इधर, यशपाल के करीबी रहे भाजपा नेताओं को लेकर भी कयासों का दौर शुरू हो गया है। हालांकि बाजपुर से भाजपा के विभिन्न मोर्चों में रहे कुछ पदाधिकारियों ने भी इस्तीफे दिए हैं।
दरअसल, सोमवार को भाजपा के कद्दावर नेता यशपाल आर्य और संजीव आर्य ने कांग्रेस में घर वापसी की थी। यशपाल के कदम के बाद उत्तराखंड की सियासत गर्म हो गई थी। तराई में किसानों का विरोध झेल रही भाजपा के लिए यशपाल के पार्टी छोड़ने के फैसले ने चिंताएं बढ़ा दी हैं। यशपाल के साथ कोई बड़ा पदाधिकारी पार्टी न छोड़े, इसे लेकर भाजपा ने डैमेज कंट्रोल शुरू कर दिया है।
बागियों को रावत की खरी-खरी: मेरी सरकार गिराने वाले महापापी, बिना माफी कांग्रेस में एंट्री नहीं
यशपाल के साथ कोई पदाधिकारी न जाए, इसे लेकर भी विशेष फोकस
पार्टी हाईकमान के निर्देश पर भाजपा जिला प्रभारी राजेंद्र सिंह बिष्ट और जिलाध्यक्ष शिव अरोरा ने बाजपुर पहुंचकर विधानसभा के चार मंडलों के अध्यक्षों सहित पदाधिकारियों के साथ बैठक की, जिसके यशपाल के इस्तीफे के बाद बदले सियासी घटनाक्रम पर चर्चा की गई। दोनों नेताओं ने कार्यकर्ताओं की राय जानी और पार्टी को कमजोर नहीं होने देने की बात कही।
बताया जा रहा है कि यशपाल के साथ कोई पदाधिकारी न जाए, इसे लेकर भी विशेष फोकस किया गया। इसके साथ ही पार्टी को मजबूत करने के लिए शक्ति केंद्रों के सम्मेलन शुरू करने और जल्द ही विधानसभा के कार्यकर्ताओं का सम्मेलन करने का निर्णय लिया गया।
इस सम्मेलन में राष्ट्रीय या प्रदेश स्तर के बड़े पदाधिकारियों को बुलाया जाएगा। बैठक में विधानसभा प्रभारी और काशीपुर मेयर उषा चौधरी, जिला महामंत्री विवेक सक्सेना, मंडल अध्यक्ष विकास गुप्ता, कुंवरपाल, गुंजन सुखीजा सहित अनेक मौजूद रहे।
हल्द्वानी में 18 को होगा कांग्रेसियों का जमावड़ा, कई ज्वाइन करेंगे कांग्रेस
भाजपा के साथ ही कुमाऊं को फोकस कर रही कांग्रेस 18 अक्तूबर को हल्द्वानी में बड़ा कार्यक्रम करने जा रही है। इसमें कुमाऊं भर के नेता और कार्यकर्ता शिरकत करेंगे। इसका मकसद कुमाऊं के कार्यकर्ताओं में जोश भरना है। इसमें यशपाल आर्य का स्वागत भी होगा और इसमें कई नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने की संभावना है। इसको लेकर पार्टी की ओर से अंदरखाने तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। माना जा रहा है कि यशपाल आर्य की ताकत का भी प्रदर्शन किया जा सकता है।