पिथौरागढ़: पेड़ से लटका मिला मां और तीन साल की बेटी का शव, ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
- मायके वालों की तहरीर पर ससुरालियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में डीडीहाट के उड़मा गांव में तीन साल की बेटी और उसकी मां का शव संदिग्ध हालात में जंगल में एक पेड़ से लटका मिला। दोनों नौ जुलाई से लापता थीं। इस मामले में मृतका के मायके वालों की तहरीर पर राजस्व पुलिस ने पति, जेठ और सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मुनस्यारी तहसील के दाफा निवासी दुर्गा सिंह ने राजस्व पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी भागीरथी का विवाह 2015 में उड़मा गांव निवासी कुशल सिंह के साथ हुआ था। नौ जुलाई को बेटी की ससुराल से फोन आया कि भागीरथी अपनी तीन साल की बेटी के साथ गायब है। सूचना मिलने पर जब वह 10 जुलाई को उड़मा गांव पहुंचे तो भागीरथी की सास पार्वती देवी ने बताया कि बहू और बेटे में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और बहू अपनी तीन साल की बेटी को लेकर कहीं चली गई।
इसके बाद दुर्गा सिंह अपने गांव लौट आए अगले दिन बेटी की ससुराल से फिर फोन आया और बताया गया कि भागीरथी और उसकी बेटी का शव जंगल में मिला है। जब वह दोबारा उड़मा गांव पहुंचे तो दोनों के शव पेड़ से लटके मिले। राजस्व पुलिस ने दुर्गा सिंह की तहरीर पर आईपीसी की धारा 306 के तहत भागीरथी के पति कुशल सिंह, जेठ जीवन सिंह और सास पार्वती देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
राजस्व उपनिरीक्षक सूर्य नारायण पांडेय ने बताया कि शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। इधर मृतका भागीरथी के मायके के लोग सोमवार को डीएम से मिले और मामले को राजस्व पुलिस से रेगुलर पुलिस को हस्तांतरित करने की मांग उठाई।
युवक का शव जंगल में पेड़ से लटका मिला
नैनीताल में करीब हफ्ता भर पहले पुलिस को चकमा देकर फरार पॉक्सो एक्ट के आरोपी का शव सोमवार को जंगल में पेड़ से लटका मिला। प्रारंभिक छानबीन के बाद पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है। बताया जा रहा है कि शव जंगल में घास लेने गईं महिलाओं ने देखा।
सात जुलाई की शाम नाबालिग से दुष्कर्म करने का आरोपी ठाकुरद्वारा, मुरादाबाद निवासी भावेश कुमार, दोगांव-भेड़िया पखान के पास वाहन से कूदकर हथकड़ी समेत पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। पुलिस ने उसकी खोजबीन की, लेकिन वह पकड़ में नहीं आ सका था।
एक सप्ताह सोमवार सुबह उसका शव जंगल में पेड़ से लटका मिला। भावेश ने हथकड़ी की रस्सी से फंदा बनाया था। ज्योलीकोट चौकी प्रभारी दिलीप कुमार ने बताया कि आरोपी भावेश जिस स्थान से भागा था, उससे काफी गहराई में स्थित खाई में नाले के दूसरी ओर ज्योली गांव के पास उसका शव मिला है।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इधर, सीओ विजय थापा का कहना है कि ज्योली के जंगल की खाई से मिला शव फरार पॉक्सो आरोपी का है। उसने हथकड़ी की रस्सी से फांसी लगाई थी।