उत्तराखंड: कैबिनेट मंत्री से हटाकर मदन कौशिक बने भाजपा के नौवें प्रदेश अध्यक्ष
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तराखंड में त्रिवेंद्र सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे मदन कौशिक को उत्तराखंड भाजपा की कमान सौंपी गई है। उन्हें भाजपा हाईकमान ने संगठन की बड़ी जिम्मेदारी दी है। कौशिक प्रदेश भाजपा में नौवें अध्यक्ष होंगे।
पिछले कई दिनों से जारी सियासी घमासान के बीच भाजपा नए प्रयोग कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मदन कौशिक को सामने कर शुक्रवार को एक बार फिर पार्टी ने चौंका दिया। त्रिवेंद्र सरकार में कद्दावर मंत्रियों में गिने जाने वाले मदन कौशिक का नए मंत्रिमंडल में शामिल होना भी तय ही माना जा रहा था। लेकिन पार्टी हाईकमान ने उन्हें कैबिनेट मंत्री से हटा कर उत्तराखंड भाजपा की कमान सौंप दी है। कौशिक चार बार के विधायक रह चुके हैं और दो बार मंत्री रहे हैं। 2012 के दौर में नेतृत्व परिवर्तन के बाद भी वे अपना मंत्री पद बचाने में सफल रहे थे। प्रदेश भाजपा में कौशिक पहले ऐसे अध्यक्ष होंगे, जो मैदानी क्षेत्र से हैं।
शुक्रवार सुबह भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से अध्यक्ष पद पर मदन कौशिक की नियुक्ति का आदेश जारी हुआ। कुछ समय बाद मदन कौशिक ने भी इसकी पुष्टि की। उनके अध्यक्ष बनते ही बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया, लेकिन पार्टी कार्यालय में कैबिनेट गठन को देखते हुए सन्नाटा पसरा रहा।
कौशिक ने सीएम से की शिष्टाचार भेंट
प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त अध्यक्ष मदन कौशिक ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने उन्हें पार्टी की ओर से संगठन की जिम्मेदारी सौंपने पर बधाई दी।
भाजपा संस्कारवान पार्टी है। जिम्मेदारी बदलना एक सामान्य प्रक्रिया है, इसे किसी अन्य रूप में नहीं लेना चाहिए। जेपी नड्डा केंद्र में स्वास्थ्य मंत्री थे। पार्टी में उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व मिला। अमित शाह राष्ट्रीय अध्यक्ष थे और गृह मंत्री बने। पूर्व अध्यक्ष की आवश्यकता सरकार में थी, इसके लिए मुझे उनकी जगह अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। मैंने संगठन की सेवा की है, संगठन के विभिन्न पदों पर रहा हूं। पार्टी ने मुझे कहा कि दायित्व बदलना है, मैंने स्वीकार किया। 2022 के चुनाव में पार्टी 60 से अधिक सीट का नारा लेकर जनता के बीच जाएगी।
- मदन कौशिक, नवनियुक्त भाजपा अध्यक्ष
मैं कौशिक को प्रदेश अध्यक्ष बनने पर बधाई देता हूं। पार्टी की ओर से उन्हें जो जिम्मेदारी दी गई है, उसे उन्होंने मन लगाकार निभाया है। वो संगठन में भी अध्यक्ष की जिम्मेदारी को बखूबी ढंग से निभाएंगे।
-बंशीधर भगत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष
अब तक रहे ये प्रदेश अध्यक्ष
अध्यक्ष कार्यकाल
पूरन चंद शर्मा 2000 से 2002
मनोहर कांत ध्यानी 2002 से 2004
भगत सिंह कोश्यारी 2004 से 2007
बच्ची सिंह रावत 2007 से 2009
बिशन सिंह चुफाल 2009 से 2013
तीरथ सिंह रावत 2013 से 2015
अजय भट्ट 2016 से 2020
बंशीधर भगत 2020 से 2021 (12 मार्च तक)
मदन कौशिक 12 मार्च 2021 से शुरू
कौशिक का जीवन परिचय और राजनीति सफर
नाम- मदन कौशिक
पिता का नाम- स्व. रमेश चंद्र शर्मा
जन्म तिथि- 11 जनवरी 1965
निवास स्थान- इमलीखेड़ा, रुड़की(हरिद्वार)
शैक्षिक योग्यता- स्नातक
राजनीतिक सफर
- वर्ष 2000 में भाजपा जिला महामंत्री और जिला अध्यक्ष हरिद्वार रहे।
- वर्ष 2002 में पहली बार विधायक का चुनाव जीता।
- 2002 से 2004 तक विधानसभा में सार्वजनिक उपक्रम व निगम समिति के सदस्य रहे।
- 2004 से 2007 तक विधानसभा में प्राक्कलन समिति के सदस्य रहे।
- 2007 में हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र से फिर विधायक चुने गए।
- 2007 से 2012 तक प्रदेश सरकार में मंत्री रहे।
- 2012 में प्रदेश भाजपा में उपाध्यक्ष बने।
- 2012 में तीसरी बार विधायक चुने गए।
- 2012 से 2017 तक विधानमंडल के उप नेता प्रतिपक्ष रहे।
- 2017 में चौथी बार विधायक बने और मंत्री पद मिला।
-वर्ष 2017 में चौथी बार हरिद्वार से विधायक चुने गए और सरकार में मंत्री बने।