फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Dehradun News ›   Uttarakhand Cabinet Expansion : 11 Minister Take Oath as Cabinet Minister With Four New Faces

उत्तराखंड कैबिनेट का गठन: 11 मंत्रियों ने ली शपथ, आठ कैबिनेट मंत्री और तीन बने राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार

Fri, 12 Mar 2021 11:38 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून Published by: अलका त्यागी Updated Fri, 12 Mar 2021 11:38 PM IST
विज्ञापन
Uttarakhand Cabinet Expansion : 11 Minister Take Oath as Cabinet Minister With Four New Faces
उत्तराखंड कैबिनेट का शपथ ग्रहण - फोटो : अमर उजाला

उत्तराखंड में तीरथ सिंह रावत की मुख्यमंत्री के पद पर ताजपोशी के बाद शुक्रवार को उनका पूरा मंत्रिमंडल अस्तित्व में आ गया। राजभवन में आयोजित समारोह में 11 मंत्रियों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। मंत्रिमंडल में चार नए चेहरे शामिल किए गए हैं। त्रिवेंद्र मंत्रिमंडल के पूर्व कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक को छोड़कर बाकी सभी मंत्रियों को तीरथ की टीम में जगह मिली है। मंत्रिमंडल के गठन में राजनीतिक अनुभव के अलावा क्षेत्रीय व जातीय संतुलन बनाने की कोशिश की गई है।

विज्ञापन


नए मंत्रिमंडल में गढ़वाल मंडल से चार कैबिनेट और दो राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने शपथ ली है।  कैबिनेट में चार मंत्रियों के साथ पौड़ी गढ़वाल का दबदबा दिखा। कुमाऊं मंडल से भी चार कैबिनेट मंत्री और एक राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) बनाया गया है।
विज्ञापन


यह भी पढ़ें... उत्तराखंड: तीरथ कैबिनेट में इन 11 मंत्रियों को मिली जगह, जानिए उनके बारे में खास बातें...
विज्ञापन
विज्ञापन


शुक्रवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे से शपथग्रहण समारोह शुरू हुआ। मुख्य सचिव ओम प्रकाश ने राज्यपाल बेबीरानी मौर्य से कार्यक्रम शुरू करने की अनुमति मांगी। उन्होंने सबसे पहले कैबिनेट में शामिल होने वाले सदस्यों के नाम लिए। राज्यपाल ने बारी-बारी से सभी कैबिनेट व राज्यमंत्रियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।


इन चार नए चेहरों को मिली जगह
तीरथ मंत्रिमडंल में यूपी और उत्तराखंड में चार बार मंत्री रह चुके पूर्व कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत, खंडूड़ी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे डीडीहाट के विधायक बिशन सिंह चुफाल, तीन बार के विधायक गणेश जोशी, हरिद्वार ग्रामीण सीट से कांग्रेस दिग्गज हरीश रावत को चुनाव हराने वाले स्वामी यतीश्वरानंद के नाम शामिल हैं। 

ये बने कैबिनेट मंत्री

कैबिनेट मंत्री          विधानसभा सीट     जिला
सतपाल महाराज     चौबट्टाखाल          पौड़ी गढ़वाल
बंशीधर भगत          कालाढुंगी            नैनीताल
डॉ.हरक सिंह रावत  कोटद्वार              पौड़ी गढ़वाल
बिशन सिंह चुफाल   डीडीहाट             पिथौरागढ़
यशपाल आर्य           बाजपुर              ऊधमसिंह नगर
अरविंद पांडेय         गदरपुर               ऊधमसिंह नगर
सुबोध उनियाल        नरेंद्रनगर             टिहरी गढ़वाल
गणेश जोशी            मसूरी                  देहरादून

ये बने राज्यमंत्री
डॉ.धन सिंह रावत   श्रीनगर गढ़वाल    पौड़ी गढ़वाल
स्वामी यतीश्वरानंद    हरिद्वार ग्रामीण     हरिद्वार
रेखा आर्य               सोमेश्वर          अल्मोड़ा

महाराज ने ली सबसे पहले शपथ

शपथग्रहण समारोह में सबसे पहले वरिष्ठ नेता सतपाल महाराज ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। उनके बाद भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा देकर मंत्रिमंडल में शामिल हुए बंशीधर भगत, तीसरे स्थान पर डॉ.हरक सिंह रावत, चौथे पर बिशन सिंह चुफाल, पांचवें पर यशपाल आर्य, छठे पर अरविंद पांडेय, सातवें पर सुबोध उनियाल और आठवें स्थान पर गणेश जोशी ने शपथ ली।

पांडेय ने संस्कृत में ली शपथ
कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडेय ने संस्कृत में पद और गोपनीयता की शपथ ली। कार्यकर्ताओं ने तालियां बजाकर उनका समर्थन किया।

रेखा की वेशभूषा और महाराज की पगड़ी
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रेखा आर्य ने पारंपरिक कुमाऊंनी वेशभूषा में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। समारोह में महाराज की नारंगी व पीले रंग की पगड़ी आकर्षण का केंद्र रही।

राजभवन में उमड़ा समर्थकों का हुजूम
तीरथ सिंह रावत की कैबिनेट के मंत्रियों के शपथग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या समर्थक उमड़े। 

सभी कैबिनेट व राज्यमंत्रियों को बधाई। मुझे पूरा विश्वास है कि मंत्रिमडंल के सभी सहयोगियों का मुझे सहयोग मिलता रहेगा। सभी आपसी समन्वय के साथ प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगे और एक नए उत्तराखंड का निर्माण करेंगे।
- तीरथ सिंह रावत, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड

मंत्रिमंडल के सभी मंत्रियों व राज्यमंत्रियों को मेरी बहुत शुभकामनाएं। संगठन और सरकार परस्पर समन्वय के साथ हम सब मिलकर उत्तराखंड की विकास यात्रा को और आगे बढ़ाएंगे।
-मदन कौशिक, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा

तीरथ की कैबिनेट में भी पौड़ी जिले का रहा दबदबा

मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत की कैबिनेट में भी पौड़ी जिले का दबदबा रहा। पौड़ी जिले से मुख्यमंत्री सहित पांच मंत्री नई कैबिनेट में शामिल हैं। इनमें मुख्यमंत्री व एक कैबिनेट मंत्री पौड़ी के मूल निवासी हैं, जबकि दो कैबिनेट व एक राज्यमंत्री जिले की विधानसभाओं से विधायक हैं। पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत की कैबिनेट में भी पौड़ी जिले से मुख्यमंत्री सहित पांच लोगों को ही जगह मिली थी। 

प्रदेश की कैबिनेट में इस जिले से सबसे ज्यादा मंत्री बनाए गए हैं। मुख्यमंत्री जिले के ब्लाक कल्जीखाल स्थित सीरों गांव के मूल निवासी हैं, जबकि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल पौड़ी ब्लाक स्थित औणी गांव के रहने वाले हैं। कोटद्वार से विधायक डा. हरक सिंह रावत को एक बार फिर कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। डा. रावत खिर्सू ब्लाक के गहड़ गांव के रहने वाले हैं। आध्यात्मिक गुरु व चौबट्टाखाल विधानसभा सीट से विधायक सतपाल महाराज को नई कैबिनेट में दूसरी बार कैबिनेट मंत्री बनाया है। महाराज पोखड़ा ब्लाक के धैड़गांव के मूल निवासी हैं। तीरथ के मंत्रिमंडल में डा. धन सिंह रावत को राज्यमंत्री का दायित्व सौंपा गया है। डा. धन सिंह ब्लाक थलीसैंण के नौगांव के रहने वाले हैं। 

डा. धन सिंह रावत को नहीं मिली पदोन्नति
उत्तराखंड की नई कैबिनेट में डा. धन सिंह रावत को एक बार फिर जगह तो मिली, लेकिन उन्हें पदोन्नति नहीं दी गई है। जबकि डा. रावत का नाम मुख्यमंत्री की दौड़ में सबसे आगे चल रहा था। इसके बाद भी डा. धन सिंह रावत को पुरानी कैबिनेट की तरह ही इस कैबिनेट में भी राज्यमंत्री ही बनाया गया है। 

महाराज का बढ़ाया कद
नई कैबिनेट में सतपाल महाराज का कद और बढ़ाया गया है। पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत की कैबिनेट में वे शपथ लेने वाले कैबिनेट मंत्रियों में तीसरे नंबर पर थे, जबकि नई कैबिनेट में वह मुख्यमंत्री के बाद शपथ लेने वालों में दूसरे और कैबिनेट मंत्री के रूप में पहले मंत्री रहे। जिससे साफ है कि नई सरकार में महाराज को मुख्यमंत्री के बाद दूसरा नंबर दिया गया है।

कुमाऊं के चार जिलों से पांच मंत्री बने

सीएम तीरथ सिंह रावत के मंत्रिमंडल में कुमाऊं मंडल के बागेश्वर और चंपावत जनपद को छोड़कर हर जिले से मंत्री बने हैं। कुमाऊं से मंत्रियों की संख्या पांच हो गई है। 
राज्य बनने के बाद से हर मंत्रिमंडल में नैनीताल जिले का प्रतिनिधित्व रहा था। पर पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत के मंत्रिमंडल में नैनीताल जिले से कोई भी मंत्री नहीं था। इस बार तीरथ सिंह रावत के मंत्रिमंडल में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत को कैबिनेट में शामिल कर कमी को दूर कर दिया गया है।

 बात अगर कुमाऊं की करें, तो पिछले मंत्रिमंडल में ऊधमसिंह नगर से दो और अल्मोड़ा जिले से एक मंत्री मंत्रिमंडल में शामिल थे। पर इस बार मंत्रिमंडल में कुमाऊं से बंशीधर भगत, यशपाल आर्य, अरविंद पांडेय, बिशन सिंह चुफाल और रेखा आर्य को शामिल किया गया हैं। साथ ही कुमाऊं के दो जिले बागेश्वर और चंपावत को छोड़कर नैनीताल, अल्मोड़ा, ऊधम सिंह नगर, पिथौरागढ़ जनपद से मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व भी हो गया है। राजनीतिक विशेषज्ञों के अनुसार मंत्रिमंडल में जिन नेताओं को शामिल किया गया है, उनके अनुभव, जातिगत समीकरण समेत सभी पहलुओं का ध्यान रखा गया है। कुमाऊं से बंशीधर भगत और बिशन सिंह चुफाल पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed