UK Top News: स्व-गणना का दूसरा चरण, सीएम ने की छठ पूजा, मद्महेश्वर के कपाट बंद, बदरीनाथ के रात को होंगे
उत्तराखंड में आज कई प्रमुख खबरें सुर्खियों में छाई रहीं। सीएम धामी ने जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत डिजिटल माध्यम से स्व-गणना की। वहीं, सीएम धामी ने छठ पूजा भी की। मद्महेश्वर मंदिर के कपाट बंद हो गए हैं। उधर, बदरीनाथ मंदिर के कपाट भी रात में बंद होंगे। पढ़ें अहम खबरें...
विस्तार
उत्तराखंड: सीएम धामी ने की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की स्व-गणना, प्रदेशवासियों से किया जुड़ने का आह्वान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री आवास में सपरिवार जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के तहत डिजिटल माध्यम से स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की। इस दौरान उन्होंने अपने परिवार से संबंधित आवश्यक विवरण ऑनलाइन दर्ज कर जनगणना प्रक्रिया में सहभागिता की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। पढ़ें पूरी खबर
खटीमा: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने छठ घाट पर दिया उगते सूर्य को अर्घ्य, प्रदेश की खुशहाली की कामना की
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर सोमवार सुबह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मेलाघाट स्थित बाइस पुल छठ घाट पर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व का समापन किया। मुख्यमंत्री ने छठी मइया से प्रदेश की समस्त जनता के जीवन में सुख,शांति,समृद्धि और आरोग्यता की कामना की। पढ़ें पूरी खबर
रुद्रप्रयाग: द्वितीय केदार मद्महेश्वर के कपाट बंद, 19 को शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी डोली
पंचकेदारों में द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर के कपाट विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के अवसर पर धाम में श्रद्धालुओं एवं स्थानीय हक-हकूकधारियों की मौजूदगी में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। भगवान के जयकारों के बीच कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की यात्रा का समापन हो गया। पढ़ें पूरी खबर
देहरादून: कंगना के पुराने वीडियो से भ्रामक दावा, करवाचौथ पर पीएम के लिए व्रत रखने की पोस्ट पर मुकदमा दर्ज
भाजपा सांसद कंगना रनौत के एक पुराने वीडियो को सोशल मीडिया पर भ्रामक और झूठे तथ्यों के साथ प्रसारित करने के मामले में राजपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोप है कि वीडियो के साथ गलत कैप्शन, पोस्ट और टिप्पणियां जोड़कर यह प्रचारित किया गया कि कंगना रनौत ने 29 अक्तूबर 2026 को करवाचौथ के अवसर पर प्रधानमंत्री की दीर्घायु के लिए वैवाहिक व्रत रखा था। पुलिस ने अज्ञात सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों के खिलाफ आईटी एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में अभियोग दर्ज किया है। पढ़ें पूरी खबर
हरिद्वार: असलहा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश, कार्रवाई के दौरान एक के पैर में लगी गोली, चार आरोपी गिरफ्तार
बहादराबाद पुलिस ने अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हो गया था। उसके बाएं पैर में गोली लगी है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच अवैध पिस्टल, एक तमंचा और सात जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा दो बाइक और तीन मोबाइल फोन भी मिले हैं। पढ़ें पूरी खबर
चारधाम यात्रा: आज रात बंद होंगे बदरीनाथ धाम के कपाट, भक्तों को पुष्प श्रृंगार में दर्शन देंगे भगवान बदरीविशाल
बदरीनाथ मंदिर के कपाट सोमवार को रात 9.37 पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही इस वर्ष चारधाम यात्रा भी संपन्न हो जाएगी। कपाट बंद किए जाने की प्रक्रियाएं भी अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। पंच पूजाओं के चौथे दिन रविवार को माता लक्ष्मी को भगवान बदरीविशाल के मंदिर में विराजमान होने का आमंत्रण दिया गया था। रावल अमरनाथ नंबूदरी ने मंदिर परिसर स्थित माता लक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना कर कढ़ाई भोग अर्पित किया। पढ़ें पूरी खबर
