Uttarakhand Assembly Elelction 2022: वाररूम से लेकर बूथ तक हैं तैयार, नामांकन के बाद अब प्रचार को देंगे धार
निर्वाचन आयोग की ओर से कोरोना संक्रमण को देखते हुए 31 जनवरी तक चुनावी रैलियों पर रोक लगाई गई है। राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के लिए अब मात्र 16 दिन शेष रह गए हैं।
विस्तार
विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने प्रचार को धार देने का काम शुरू कर दिया है। पार्टी मुख्यालय में वर्चुअल स्टूडियो की शुरूआत के साथ ही वाररूम भी काम करने का तैयार है। इसके साथ ही पार्टी ने बूथ स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं को काम पर लगा दिया है।
निर्वाचन आयोग की ओर से कोरोना संक्रमण को देखते हुए 31 जनवरी तक चुनावी रैलियों पर रोक लगाई गई है। राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान के लिए अब मात्र 16 दिन शेष रह गए हैं। इतने कम समय में मतदाताओं तक पहुंच बनाने के लिए राजनीतिक पार्टियां अब जोरशोर से अभियान शुरू करेंगी। कांग्रेस पार्टी ने वर्चुअल रैली से इसकी शुरूआत कर दी है। इसके साथ ही पार्टी का देहरादून और हल्द्वानी में वाररूम एक-दो दिन में शुरू हो जाएगा।
Uttarakhand Assembly Election 2022: राज्य की 70 विधानसभा सीटों पर 750 प्रत्याशी मैदान में उतरे, देहरादून में सबसे ज्यादा नामांकन
बूथ मैनेजमेंट की तैयारियों के तहत पार्टी की ओर से 11 हजार 625 बूथ कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंप दी गई है। इसके तहत एक बूथ पर 11 से 21 कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबकि 625 न्याय पंचायत स्तर पर कमेटियों का गठन किया गया है। 225 ब्लाक कमेटियों को भी सक्रिय कर दिया गया है। पार्टी की ओर से मोहल्ला समितियों को भी सक्रिय कर दिया गया है। इसके तहत 5-5 लोगों की टोलियां ने घर-घर जाकर पार्टी प्रत्याशियों का प्रचार शुरू कर दिया है।
एआईसीसी ने मैदान में उतारी मीडिया प्रभारियों की टीम
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अलावा एआईसीसी भी पार्टी के प्रचार में पूरा जोर लगाएगी। इसके लिए पार्टी की ओर से राष्ट्रीय प्रवक्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रो.गौरव वल्लव को देहरादून और गढ़वाल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जबकि राष्ट्रीय सचिव जरिता लैफ्टलांग को कुमाऊं, महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव अकांक्षा औला को अल्मोड़ा और राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय उपाध्याय को श्रीनगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पीसीसी में यह टीम संभालेगी कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी
प्रदेश कांग्रेस कमेटी में महामंत्री संगठन मथुरा दत्त जोशी, सोशल मीडिया सलाहकार अमरजीत सिंह, गढंवाल मंडल मीडिया प्रभारी गरिमा दसौनी, सचिव शांति रातव, प्रदेश प्रवक्ता राजेश चमोली, मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि, राजेंद्र भंडारी और सुरेंद्र रांगड़ आदि।
आज नामांकन की प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब पार्टी का पूरा जोर चुनाव प्रचार पर रहेगा। इसके लिए डिजीटल वार रूम से लेकर डिजीटल स्टूडियो तैयार हैं। 31 के बाद यदि निर्वाचन आयोग की ओर से जनसभाओं की अनुमति मिलती है तो पार्टी की ओर से खुली रैलियों का भी आयोजन किया जाएगा। जिसमें पार्टी के राष्ट्रीय नेता भी प्रतिभाग करेंगे।
- मथुरादत्त जोशी, प्रदेश महामंत्री संगठन, कांग्रेस पार्टी