बारातियों का वाहन खाई में समाया, 5 मरे, 29 घायल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देहरादून जिले के साहिया-क्वानू मोटर मार्ग के तीव्र मोड़ पर बारातियों से भरी यूटिलिटी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। वाहन में 34 लोग सवार थे। जिनमें से चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल चालक ने देहरादून ले जाते वक्त रास्ते में दम तोड़ दिया।
इस हादसे में 29 लोग घायल हुए हैं। हादसे का मुख्य कारण ओवरलोडिंग और सड़क के किनारे पैराफिट नहीं होना बताया जा रहा है।
धिरोग गांव से मंगलवार को बारात लांघा आई थी। बुधवार दोपहर बाद बारात लौटी। बताया जा रहा है कि शाम करीब चार बजे साहिया से करीब छह किलोमीटर आगे सेमानी खेड़ा के पास मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित हुई यूटिलिटी (यूके 07 सीए-2978) 50 फीट गहरी खाई में जा गिरी।
29 घायल, गंभीर मरीजों को किया गया रेफर
इस हादसे में वीरेंद्र (18) पुत्र तोला, अतरू (18) पुत्र पतिराम, धरमू (40) पुत्र नानू तीनों निवासी धिरोग और यशपाल (22) पुत्र मोहर सिंह निवासी सुरेऊ की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर रूप से घायल चालक कृपाल सिंह पुत्र स्वर्गीय भाव सिंह निवासी सुरेऊ ने देहरादून ले जाते वक्त रास्ते में दम तोड़ दिया।
हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पडे़। लोगों ने घायलों को खाई से निकालकर निजी वाहनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहिया पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को रेफर कर दिया गया। देर शाम सीएचसी साहिया में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
गृहमंत्री और क्षेत्रीय विधायक प्रीतम सिंह और पूर्व विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने घटनास्थल और अस्पताल का दौरा किया। घायलों का इलाज सीएचसी साहिया, विकासनगर और लेहमन अस्पताल में किया जा रहा है।