चारधाम यात्राः हजारों निकाले, सैकड़ों यात्री अभी भी फंसे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रविवार को हेमकुंड साहिब के मुख्य पड़ाव घांघरिया में फंसे सभी 25 सौ तीर्थयात्रियों को हेलीकॉप्टर और पैदल रेस्क्यू से सुरक्षित निकाल लिया गया है।
घांघरिया से साढ़े चार सौ तीर्थयात्रियों को हेलीकॉप्टर से और करीब दो हजार तीर्थयात्रियों को पैदल ही रेस्क्यू कर सकुशल जोशीमठ पहुंचाया गया है। जहां से तीर्थयात्री अपने घरों को लौट गए हैं। वहीं, बदरीनाथ धाम से भी 18 सौ तीर्थयात्रियों को वाहनों से जोशीमठ पहुंचाया गया।
जबकि अभी भी बदरीनाथ में सात सौ तीर्थयात्री फंसे हुए हैं। हालांकि इनमें से अधिकांश तीर्थयात्री स्वेच्छा से बदरीनाथ में रुके हुए हैं। बीआरओ के अधिकारियों ने सोमवार शाम तक बदरीनाथ हाईवे के सुचारू होने का दावा किया है। लामबगड़ में हाईवे पूरी तरह से खुल गया है।
बैनाकुली में चट्टान से बार-बार पत्थर छिटकने से बीआरओ की मशीनों को सड़क बनाने में दिक्कतें आ रही हैं। जोशीमठ से आगे मारवाड़ी में रविवार को बड़े वाहनों की आवाजाही भी सुचारू हो गई है।
मंडल आयुक्त सीएस नपच्याल और चमोली के जिलाधिकारी अशोक कुमार ने बैनाकुली तक जाकर बदरीनाथ हाईवे का निरीक्षण किया। अधिकारर यों ने बीआरओ और लोनिवि के अधिकारियों को शीघ्र हाईवे खोलने के निर्देश दिए।
ITBP ने दो अस्थाई पुलों का किया निर्माण
हेमकुंड साहिब पैदल मार्ग पर भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल द्वारा दो अस्थाई पुलों का निर्माण कर दिया गया है। एसडीआरएफ और सेना द्वारा भी यहां पैदल रास्ते में पुलों के निर्माण में सहयोग किया जा रहा है।
मंडल आयुक्त सीएस नपच्याल ने बताया कि हेमकुंड साहिब, घांघरिया और गोविंदघाट से सभी तीर्थयात्रियों को रेस्क्यू कर लिया गया है। सोमवार को हेमकुंड साहिब पैदल मार्ग भी पूरी तरह से खोल दिया जाएगा।
बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब की तीर्थयात्रा के लिए शासन द्वारा सब्सिडी युक्त हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। मंडल आयुक्त सीएस नपच्याल ने बताया कि हेमकुंड साहिब के प्रवेश द्वार गोविंदघाट से बदरीनाथ और घांघरिया तक हवाई सेवा शुरू कराई जाएगी।
जिसमें तीर्थयात्री को एक तरफ का किराया 2500 रुपए देना होगा। उन्होंने बताया कि तीर्थयात्री नीचे आने के लिए भी 2500 रूपए देकर गोविंदघाट वापिस आ सकते हैं। यह सेवा तीर्थयात्रियों के लिए मददगार साबित होगी।
450 तीर्थयात्री पहुंचे बदरीनाथ
रविवार को 450 तीर्थयात्री बदरीनाथ धाम में मत्था टेकने पहुंचे। जबकि हेमकुंड साहिब में एक भी तीर्थयात्री नहीं पहुंच सका। दोनों धामों में रविवार को मौसम पूरी तरह खुला रहा।
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी बीडी सिंह का कहना है कि बदरीनाथ धाम में तीर्थयात्रियों को कोई परेशानी नहीं होने दी जा रही है। बदरीनाथ हाईवे के खुलते ही धाम की तीर्थयात्रा पटरी पर लौट आएगी।