केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी बोले, एक साल में इतनी साफ हो जाएगी गंगा की पी सकेंगे गंगाजल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उन्होंने गंगा की स्वच्छता को जनसहभागिता से जोड़ने के लिए देश के कम से कम एक करोड़ लोगों से नमामि गंगे ट्रस्ट में आर्थिक योगदान देने का आग्रह किया। केंद्रीय मंत्री ने हरिद्वार जनपद सहित उत्तराखंड के लिए अनेक विकास योजनाओं की घोषणा भी की।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बृहस्पतिवार को चंडीघाट के पास नमामि गंगे योजना के तहत नवनिर्मित घाट के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए यह बात कही। केंद्रीय मंत्री ने सड़क परिवहन के पांच हजार पांच सौ पचपन करोड़ और नमामि गंगे योजना के करीब पांच सौ करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि गंगा हमारी आस्था का केंद्र है। इसे प्रदूषण से मुक्त करने के लिए प्रभावी स्तर पर कार्य करने की जरूरत है।
उन्होंने नमामि गंगे योजना के तहत किए जा रहे कार्यों की प्रगति पर संतोष जताया और उम्मीद जताई की बहुत जल्द सभी कार्य पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने गंगा मामलों की पूर्व मंत्री उमा भारती का जिक्र करते हुए कहा कि ये कार्य उनके कार्यकाल में शुरू हुए थे, जो बड़ी तेजी से चल रहे हैं।
इस मौके पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने उत्तराखंड को लगातार विकास योजनाओं के लिए धन उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया। राज्य में चल रही नमामि गंगे और अन्य विकास योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए दावा किया कि निर्धारित समय में सभी योजनाओं का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री सत्यपाल सिंह, हरिद्वार सांसद डा. रमेश पोखरियाल निशंक, शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक, पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, वनमंत्री डा. हरक सिंह रावत आदि ने भी विचार रखे और केंद्र सरकार को विकास के क्षेत्र में नया इतिहास रचने वाली सरकार बताया।
इन योजनाओं की घोषणा
केंद्रीय मंत्री ने इस मौके पर रोशनाबाद से बिहारीगढ़ तक बनी सड़क को राजमार्ग के रूप में विकसित करने, धनौरी से इकबालपुर तक नहर का निर्माण करने, सोलानी नदी की सफाई कराने, बाणगंगा को पुनर्जीवित करने, कनखल से बालावाली तक गंगा के तटबंध पर 35 किलोमीटर सड़क बनाने के अलावा हरकी पैड़ी के सौंदर्यीकरण के लिए 40 करोड़ रुपये देने, हरिद्वार में आस्था पथ का निर्माण करने के साथ ही कई अन्य योजनाओं की घोषणा की।
जल्द पूरा होगा हाईवे चौड़ीकरण का काम
हरिद्वार-मुजफ्फरनगर दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाली का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पुरानी निर्माण एजेंसी को काली सूची में डाल दिया गया था। अब नए टेंडर हो गए हैं। बहुत जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा और बहुत जल्द राजमार्ग का चौड़ीकरण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, विधायक स्वामी यतीश्वरानंद, संजय गुप्ता, सुरेश राठौर, प्रदीप बत्रा, सुरेंद्र सिंह नेगी, भरत चौधरी, निवर्तमान मेयर मनोज गर्ग, ऋषिकेश की मेयर अनिता ममगाईं, कार्यदायी संस्था वाप्कोस कंपनी के उदय राज, एनएमसी के महानिदेशक आरआर मिश्रा, आरके गुप्ता, भाजपा के जिला अध्यक्ष डा. जयपाल सिंह, संजय चतुर्वेदी, सुशील चौहान, नरेंद्र सिंह, जिला महामंत्री विकास तिवारी आदि मौजूद रहे।
देहरादून और हल्द्वानी में भी बनेंगी रिंग रोड
नमामि गंगे एवं राष्ट्रीय राजमार्ग की विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि विकास कार्यों के लिए बजट की कोई कमी नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि वे देहरादून और हल्द्वानी के लिए रिंग रोड बनाने के लिए प्रस्ताव दें, जिस पर वह शीघ्र स्वीकृति दे सकें। उन्होंने कहा कि हरिद्वार के बाद देहरादून और हल्द्वानी में भी रिंग रोड बन जाएगी तो यातायात सुगम हो जाएगा।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विभिन्न योजनाओं को हरी झड़ी देने पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताते हुए कहा कि उनकी विकास की सोच अतुलनीय है। सीएम ने कहा कि कहा कि शीघ्र ही रिंग रोड के प्रस्ताव तैयार कर दिए जाएंगे।