केंद्रीय मंत्री शेखावत ने सेना के जवानों के साथ की रिवर राफ्टिंग, दिया क्लीन गंगा का संदेश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गंगा की अविरलता और निर्मलता को बनाए रखने के लिए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और प्रदेश के कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने इंडियन एयर फोर्स और भारतीय सेना के जवानों के साथ देवप्रयाग से रामझूला तक गंगा में रिवर राफ्टिंग कर क्लीन गंगा का संदेश दिया।
रामझूला स्थित शत्रुघ्न घाट पर पहुंचकर केंद्रीय जल शक्ति मंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि गंगा की निर्मलता और अविरलता बनाए रखने के लिए जिस तरह के इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट की आवश्यकता है उसके लिए केंद्र सरकार प्रयास कर रही है। गंगा को निर्मल बनाने के लिए जन आंदोलन की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जनचेतना जागरण के उद्देश्य से नमामि गंगे के अभियान को शुरू किया है। इसमें गंगा को क्लीन करने के लिए गंगा आमंत्रण कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
इसके तहत देवप्रयाग से गंगासागर 34 दिनों तक गंगा में राफ्टिंग के माध्यम से अलग-अलग जगह रुककर कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को गंगा से जोड़ा जाएगा। कहा कि मां गंगा देश की 42 प्रतिशत जनता के जीवन का आधार है। इसकी स्वच्छता के लिए लोगों के मन में उत्तरदायित्व का भाव जगाना जरूरी है।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि क्लीन गंगा अभियान की शुरूआत देवप्रयाग से की गई है। जोकि रामझूला, हरिद्वार, बिजनौर, गढ़मुक्तेश्वर समेत देश के विभिन्न राज्यों से होकर गंगासागर में समाप्त होगा।
अभियान में टीम लीडर इंडियन एयर फोर्स के विंग कमांडर परमवीर सिंह, स्कवार्डन लीडर दीप्ति बी कोश्थी, सर्जेंट श्रीहरी सरीपिल्ली, जौनी वीजे, कोरपोरल अमरेंद्र वत्स, विक्की टोकास, भारतीय सेना के राजेश कुमार, देवेंद्र सिंह और इंडियन नेवी से बिकेश कुमार आदि मौजूद थे।
शत्रुघ्न घाट पर आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन के महानिदेशक राजीव रंजन मिश्रा, नगर पालिका मुनिकीरेती अध्यक्ष रोशन रतूड़ी, नमामि गंगे के प्रोजेक्ट मैनेजर संदीप कश्यप, सीवर इकाई के सहायक अभियंता हरीश बंसल, पेयजल निगम के सहायक अभियंता अरविंद चतुर्वेदी, नगर पालिका मुनिकीरेती के अधिशासी अधिकारी बद्री प्रसाद भट्ट, नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त एलएम दास, नगर पंचायत स्वर्गाश्रम जौंक के अधिशासी अधिकारी मोहन प्रसाद गौड़, थाना प्रभारी आरके सकलानी, कैलाश गेट चौकी प्रभारी विकेंद्र कुमार, तहसीलदार रेखा आर्य, मनोज द्विवेदी, विनोद कुकरेती, संजय शास्त्री, शिव कुमार गौतम, सतीश, आदि मौजूद थे।
केंद्रीय मंत्री को दिया ज्ञापन
राफ्टिंग कर रामझूला पहुंचे केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस दौरान विस अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री के सम्मुख ऋषिकेश विधानसभा की समस्याओं को रखा और ज्ञापन सौंपा।
विस अध्यक्ष ने बताया कि रायवाला क्षेत्र के प्रतीत नगर, गौहरी माफी एवं रायवाला ग्राम सभा के संपूर्ण क्षेत्र को नमामि गंगे प्रोजेक्ट में शामिल किया जाए। गंगा को स्वच्छ रखने के लिए रायवाला गांव में नमामि गंगे के तहत अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट लगाने की स्वीकृति प्रदान की जाए और रायवाला क्षेत्र में गंगा नदी के तटों पर घाटों का निर्माण कार्य किया जाए। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत विस अध्यक्ष को समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया।