यूजीसी ने युवाओं को दिया न्यू ईयर गिफ्ट, अब ओपन यूनिवर्सिटी से कर सकेंगे ये 15 नए कोर्स
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) ने नए साल पर प्रदेश के युवाओं को बड़ी सौगात दी है। यूजीसी ने उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय को 15 नए कोर्सों की मान्यता दे दी है। इन सभी कोर्सों में दाखिले के लिए युवा करीब आठ महीने से इंतजार कर रहे हैं।
बीते वर्ष 2018 में यूजीसी ने देशभर के मुक्त शिक्षा देने वाले संस्थानों के तमाम पाठ्यक्रम बंद कर दिए थे। उत्तराखंड में भी मुक्त विवि के पास केवल पांच से सात कोर्स ही बचे थे। बाद में जुलाई में यूजीसी ने सूची जारी करते हुए मुक्त विवि को 23 पाठ्यक्रम चलाने की अनुमति दे दी थी।
अब जनवरी 2019 से 15 और कोर्स बढ़ा दिए हैं। इनमें एमए मैथ, एमए हिंदी, एमए इंगलिश जैसे महत्वपूर्ण पाठ्यक्रम शामिल हैं।
इन कोर्सों में मिलेगा दाखिला
बीए योग, एमएसडब्ल्यू, एमए इंगलिश, एमए हिस्ट्री, एमए होम साइंस, एमए ज्योतिष, एमए मैथ, एमए पॉलिटिकल साइंस, एमए साइकोलॉजी, एमए पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, एमए संस्कृत, एमए योग, एमए परफॉर्मिंग आर्ट्स, एमए हिंदी और एमए इकोनोमिक्स।
एमएससी और एलएलएम बंद
मुक्त विवि में यूजीसी ने एमएससी और एलएलएम के पाठ्यक्रम बंद कर दिए हैं। यूजीसी की ताजा सूची में भी इन दोनों कोर्सों को जगह नहीं दी गई है। लिहाजा, वर्तमान में जो छात्र इन कोर्सों में पढ़ रहे हैं, केवल वही पासआउट होंगे। नए दाखिले नहीं होंगे।
यूपीईएस में भी एक कोर्स बढ़ा
यूनिवर्सिटी ऑफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी स्टडीज (यूपीईएस) में भी यूजीसी ने एक और कोर्स बढ़ा दिया है। अब यहां एमबीए पावर मैनेजमेंट कोर्स में भी जनवरी से दाखिले दिए जाएंगे।
प्रदेश के युवाओं के लिए यह खुशी की बात है कि यूजीसी ने 15 और पाठ्यक्रमों के संचालन की अनुमति दे दी है। जुलाई से इन पाठ्यक्रमों में दाखिला प्रक्रिया शुरू करने से पहले इसकी तैयारी की जाएगी।
-भरत सिंह, कुलसचिव, उत्तराखंड मुक्त विवि