Coronavirus in Uttarakhand: दो संदिग्ध मरीजों की इलाज के दौरान मौत, देर रात तक नहीं आई रिपोर्ट
- दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आईसीयू में थे भर्ती
- मरने वालों में एक 23 वर्षीय युवक, दूसरा 75 वर्षीय बुजुर्ग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कोरोना संदिग्ध एक बुजुर्ग और एक युवक की बृहस्पतिवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। कोरोना के संदिग्ध लक्षणों के चलते दोनों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। देर रात तक जांच रिपोर्ट नहीं आ पाई थी। रिपोर्ट आने के बाद ही दोनों के शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
मंगलवार दोपहर मूल रूप से नैनीताल निवासी 23 वर्षीय एक युवक को कोरोना जैसे लक्षणों के चलते कोरोनेशन अस्पताल से दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया था। उसे बुखार, बदन दर्द, लगातार चक्कर आने की शिकायत थी।
एक्स-रे रिपोर्ट में उसे निमोनिया होने की जानकारी भी मिली थी। दून अस्पताल में उसे आईसीयू में रखा गया था। वह दून के एक प्राइवेट स्कूल में कुक था। वहीं, 75 वर्षीय बुजुर्ग को सोमवार को सांस लेने में दिक्कत के बाद अस्पताल में भर्ती किया गया। 21 मार्च को वह दुबई अपने बेटे के पास से लौटे थे।
क्वारंटीन के दौरान उनकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई।
दिल्ली में 14 दिन संस्थागत क्वारंटीन के दौरान उनकी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई थी। सात अप्रैल को दून पहुंचने के बाद उन्हें घर पर ही आइसोलेट कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार उन्हें अस्थमा और निमोनिया की भी दिक्कत थी। मंगलवार देर रात दोनों की आईसीयू में मौत हो गई।
वहीं, प्रभारी सचिव डॉ.पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि कोरोना संक्रमण के लक्षण के आधार पर ही दोनों मरीजों को आइसोलेट किया गया था। जिनके सैंपल जांच के लिए भेजे हैं, लेकिन रात तक रिपोर्ट नहीं आई है। वहीं, अस्पताल के डिप्टी एमएस डॉ.एनएस खत्री के अनुसार रिपोर्ट आने के बाद ही दोनों के शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
देर रात तक होता रहा रिपोर्ट का इंतजार
माना जा रहा था कि दोनों मरीजों की जांच रिपोर्ट शाम तक आ जाएगी, लेकिन देर रात तक दोनों की रिपोर्ट नहीं आ पाई थी। मौके पर मौजूद मीडियाकर्मियों को यही बताया जाता रहा कि रिपोर्ट जल्द आ जाएगी, पर घंटों इंतजार के बाद भी कोई जानकारी नहीं मिल पाई।