एसएसबी ने पकड़ी भारत लाई जा रही दो नेपाली लड़कियां
नेपाल से किशोरी और युवती को बहला-फुसलाकर ला रहे दो नेपाली युवकों को एसएसबी ने हिरासत में ले लिया। चारों को नेपाल पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। मामला ह्यूमन ट्रैफिकिंग का माना जा रहा है।
एसएसबी 57वीं वाहिनी एफ कंपनी की प्रभारी कमांडर महिला एसआई पूनम सुरीन के नेतृत्व में एसएसबी जवान और महिला जवान अपनी बीओपी पर चेकिंग में थे। इसी बीच नेपाल से आ रही एक बोलेरो जीप (म 1 च 6401) को रोककर चेक किया गया तो उसमें वाहन चालक के अलावा एक अन्य नेपाली युवक था।
इसके अलावा वाहन में कैलाली और बैतड़ी की रहने वाली एक 17 वर्षीय नेपाली किशोरी और एक 22 वर्षीय नेपाली युवती बैठी मिली। पूछताछ में परस्पर विरोधी बयान और युवकों से आपसी संबंध न होने से एसएसबी को संदेह हुआ।
एसएसबी ने दोनों को किया नेपाल पुलिस के हवाले
एसएसबी की महिला कर्मियों ने उनसे कड़ी पूछताछ की, लेकिन वे कुछ भी स्पष्ट नहीं बता सकीं। उनके पास न तो आईडी थी, न ही वे भारत आने का कारण ही बता सकीं। वे कभी होटल में तो कभी अस्पताल में काम करना बता रही थीं।
मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर एसएसबी कमांडर ने नेपाल पुलिस को सूचित किया। नेपाल पुलिस के हेड कांस्टेबल टीआर पंत ने पूछताछ की तो उन्होंने बनबसा में सामान खरीदने जाना बताया।
एसएसबी ने दोनों नेपाली लड़कियों और युवकों को नेपाल पुलिस के सुपुर्द कर दिया। नेपाल पुलिस कैलाली जिले के रहने वाले शिवराज और वाहन चालक धनीराम पर कार्रवाई करेगी और लड़कियों को एक संस्था के माध्यम से उनके परिजनों के सुपुर्द करेगी।